Lucknow Traffic Advisory : राजधानी लखनऊ में शनिवार को वीआईपी मूवमेंट के मद्देनजर ट्रैफिक व्यवस्था में अस्थायी बदलाव किया गया है। सुबह 8 बजे से शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर से निकलने से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी जरूर ले लें, ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके। दरोगाखेड़ा, स्कूटर इंडिया और नादरगंज की ओर से आने वाले वाहनों को अमौसी एयरपोर्ट की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी। इन वाहनों को किसान पथ होते हुए रायबरेली रोड के रास्ते अपने गंतव्य तक जाना होगा।
अमौसी की ओर से आने वाले वाहन नीलम फार्मेसी तिराहा, कृष्णानगर मेट्रो स्टेशन, पिकेडली और अवध चौराहे की ओर नहीं जा सकेंगे। इनके लिए शहीद पथ का वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है।
Lucknow Traffic Advisory
वीआईपी मूवमेंट के दौरान रॉयल होटल चौराहे से अटल चौक की ओर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी। इस मार्ग का उपयोग करने वाले वाहन सिसेंडी डीएसओ चौराहे से होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। वहीं एवरेडी तिराहे और भूसामंडी से मवैया की ओर जाने वाले वाहनों को भी रोक दिया जाएगा। ऐसे वाहन एवरेडी तिराहे से सीधे बालाजी मंदिर मार्ग का उपयोग कर सकेंगे।
नाका और पानदरीबा क्षेत्र में भी बदला रहेगा ट्रैफिक
नाका चौराहे से पानदरीबा की ओर जाने वाले वाहनों को पानदरीबा चौराहे की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। इन वाहनों को नाका चौराहे से डीएवी डिग्री कॉलेज और राजेंद्र नगर होते हुए आगे भेजा जाएगा। इसी तरह लाटूश रोड स्थित बांसमंडी तिराहे से गुप्ता तिराहे की ओर जाने वाले वाहन भी नाका चौराहा और राजेंद्र नगर के रास्ते अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। राजेंद्र नगर से राणा प्रताप तिराहे की ओर जाने वाले वाहनों को नाका चौराहे के रास्ते होकर गुजरना होगा। वहीं अशोक लाट चौराहे से बर्लिंगटन चौराहे की तरफ जाने वाले वाहनों को लाटूश रोड का इस्तेमाल करना होगा।
#Trafficdiversion
आज अमौसी से आलमबाग व गंज तक डायवर्जन रहेगा-@Uppolice @uptrafficpolice @lkopolice @IPSRaveena pic.twitter.com/ahoAeOoh35— LUCKNOW TRAFFIC POLICE (@lucknowtraffic) July 4, 2026
यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वीआईपी मूवमेंट के दौरान निर्धारित डायवर्जन का पालन करें और अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें। जिन लोगों को एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन या अन्य जरूरी स्थानों पर पहुंचना है, वे अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें ताकि किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।




