UP Weather Update : गंगा के मैदानी इलाकों में एक बार फिर तेज बारिश की संभावना बन रही है। दक्षिण की ओर खिसक चुकी मानसूनी द्रोणी अब अपने सामान्य स्थान की ओर लौट रही है। इसके साथ ही जो निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ था, वह भी अब कमजोर पड़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार इन दोनों बदलावों के चलते आने वाले दिनों में अच्छी बारिश देखने को मिल सकती है।
विभाग का कहना है कि तीन अगस्त से मौसमी प्रणालियों में परिवर्तन शुरू होगा, जिसका असर चार अगस्त से साफ नजर आने लगेगा और बारिश की रफ्तार बढ़ जाएगी। इसी सिलसिले में मौसम विज्ञान केंद्र ने अपनी ओर से चेतावनी भी जारी कर दी है।
UP Weather Update
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग में नोडल एवं तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा के मुताबिक मानसूनी द्रोणी के खिसकने के साथ ही मानसून फिर सक्रिय हो उठेगा। उनका कहना है कि मौसम में यह बदलाव तीन अगस्त से शुरू हो जाएगा और उसके बाद बारिश तेज हो जाएगी। हालांकि इससे पहले कहीं-कहीं निम्न दबाव बनने पर स्थानीय स्तर पर हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। उन्होंने यह भी बताया कि इस मानसून सीजन में पॉकेट बारिश की प्रवृत्ति ज्यादा देखी जा रही है, कुछ इलाकों में तेज तो कुछ में बेहद कम बारिश हो रही है।
बढ़ा तापमान
प्रदेश के एकीकृत मौसम पूर्वानुमान केंद्र के प्रभारी वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह ने बताया कि जो निम्न दबाव क्षेत्र सक्रिय था, वह अब कमजोर पड़ गया है, जिससे बारिश की उम्मीदें फिर से बढ़ गई हैं। साथ ही मौसम विज्ञान केंद्र ने जुलाई महीने की बारिश को लेकर रिपोर्ट भी सामने रखी है। इसके अनुसार पूरे प्रदेश में जुलाई के दौरान सामान्य औसत से 28 फीसदी कम बारिश दर्ज हुई। प्रदेश के पूर्वी हिस्से में, जिसमें मध्य यूपी के जिले भी शामिल हैं, हालात और ज्यादा चिंताजनक रहे और वहां सामान्य से 35 प्रतिशत तक कम बारिश हुई।
बारिश की कमी के चलते बीते 24 घंटे में तापमान में भी 2.4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
REead mORE : Agra का धनकामेश्वर नाथ मंदिर, जहां धन प्राप्ति की मान्यता से पड़ा मंदिर का नाम






