UP Weather Update : उत्तर प्रदेश में मानसून की चाल एक बार फिर धीमी पड़ती नजर आ रही है. मौसम विभाग की मानें तो अब आने वाले कुछ दिनों तक बारिश का दायरा सिमटकर सिर्फ प्रदेश के एक खास हिस्से तक ही केंद्रित रह जाएगा. इसका मतलब यह है कि जहां कुछ जिलों में अच्छी बारिश देखने को मिलेगी, वहीं बाकी इलाकों को फिलहाल तेज बरसात के लिए इंतजार करना पड़ सकता है.
मौसम विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार से बारिश की गतिविधियां मुख्य रूप से प्रदेश के पश्चिमी तराई क्षेत्र के जिलों तक ही सीमित रहने की संभावना है. यह दौर आगामी 3 अगस्त तक जारी रह सकता है.
UP Weather Update
इस पूरी अवधि में उत्तर प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में केवल हल्की से मध्यम दर्जे की छिटपुट बारिश ही दर्ज होने की उम्मीद जताई गई है, यानी भारी बरसात का दौर फिलहाल थमा हुआ रहेगा. विभाग के मुताबिक, बृहस्पतिवार से अगले दो दिनों तक 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पुरवाई हवाएं चल सकती हैं. इस दौरान सहारनपुर और बिजनौर सहित तराई से लगे जिलों में अच्छी बारिश होने के आसार बने हुए हैं. वहीं दूसरी ओर प्रदेश के दक्षिणी जिलों, मध्य प्रदेश की सीमा से सटे इलाकों और कुछ अन्य क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की फुहारें पड़ सकती हैं. फिलहाल राहत की बात यह है कि प्रदेश में किसी भी जिले के लिए भारी बारिश को लेकर कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.
कानपुर में हुई ज्यादा बारिश
बीते बुधवार की बात करें तो प्रदेश में सबसे अधिक बारिश कानपुर में दर्ज की गई, जहां 81 मिमी बरसात हुई. इसके बाद मेरठ का नंबर आता है, जहां 80.8 मिमी पानी बरसा. वहीं बिजनौर में 72 मिमी और मुजफ्फरनगर में 68.3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. इन आंकड़ों से साफ है कि पश्चिमी यूपी के जिलों में मानसून की सक्रियता अभी भी बनी हुई है.
सक्रिय होगा मानसून
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि फिलहाल मानसून ट्रफ अपनी सामान्य स्थिति में बना हुआ है. उन्होंने कहा कि 3 से 4 अगस्त के आसपास इस ट्रफ के एक बार फिर उत्तर दिशा की ओर खिसकने की प्रबल संभावना है. उनके मुताबिक जैसे ही यह बदलाव होगा, प्रदेश में एक बार फिर व्यापक स्तर पर अच्छी बारिश का सिलसिला शुरू हो सकता है, जिससे किसानों और आम लोगों दोनों को राहत मिलने की उम्मीद है.
Read More : GST नियमों पर भड़के व्यापारी, वित्त मंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन; उत्पीड़न रोकने समेत उठाईं कई बड़ी मांगें





