Pete Hegseth : अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ को वेटरन्स डे समारोह के बाद एक ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ा, जिसकी चर्चा अब अमेरिकी राजनीति में हो रही है। अर्लिंग्टन नेशनल सेमेट्री में तस्वीरें खिंचवाने के दौरान स्मारक की सुरक्षा में तैनात एक सैनिक ने उन्हें और उनके साथ मौजूद अधिकारियों को शांति बनाए रखने की हिदायत दी। सैनिक ने सभी को स्मारक की गरिमा और सम्मान का ध्यान रखने के लिए कहा।
एसोसिएटेड प्रेस (AP) की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना बुधवार को हुई। हेगसेथ अपनी पत्नी जेनिफर और स्टाफ के सदस्यों के साथ टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर की खाली सीढ़ियों पर तस्वीरें खिंचवा रहे थे। उनके साथ चीफ ऑफ स्टाफ रिकी बुरिया, डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ पैट्रिक वीवर और वरिष्ठ सलाहकार टैमी राडाबॉ भी मौजूद थे।
Pete Hegseth
इसी दौरान समूह में से किसी की जोरदार हंसी सुनाई दी। इसके बाद स्मारक की सुरक्षा में तैनात सैनिक ने आवाज लगाकर कहा कि सभी आगंतुक हर समय शांति और सम्मान का माहौल बनाए रखें। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। घटना पर पेंटागन के शीर्ष प्रवक्ता सीन पार्नेल ने सैनिक का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि स्मरण के इस गंभीर अवसर पर सैनिक ने सभी को मर्यादा बनाए रखने की उचित और सम्मानजनक तरीके से याद दिलाई। पार्नेल के मुताबिक, रक्षा मंत्री और पूरा रक्षा विभाग अमेरिकी सैनिकों के बलिदान का सम्मान करता है।
टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर
अर्लिंग्टन नेशनल सेमेट्री में स्थित टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर अमेरिका के सबसे प्रतिष्ठित युद्ध स्मारकों में शामिल है। यहां प्रथम विश्व युद्ध, द्वितीय विश्व युद्ध और कोरियाई युद्ध में शहीद हुए उन सैनिकों के अवशेष रखे गए हैं, जिनकी पहचान नहीं हो सकी थी। इस स्मारक की सुरक्षा साल 1948 से लगातार 24 घंटे की जा रही है। अमेरिकी सेना की 3rd Infantry Regiment के जवान, जिन्हें ‘द ओल्ड गार्ड’ कहा जाता है, हर मौसम में यहां पहरा देते हैं। वेटरन्स डे के मुख्य समारोह में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी शामिल हुए थे।
महाभियोग की कोशिश
यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब हेगसेथ एक दिन पहले ही कांग्रेस में महाभियोग की कोशिश से बच निकले थे। रिपब्लिकन सांसद थॉमस मैसी ने डेमोक्रेटिक सांसदों के समर्थन से उनके खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव लाने की पहल की थी। हालांकि, मंगलवार को मतदान के दौरान यह प्रयास सफल नहीं हुआ। इसके बाद हेगसेथ ने अपनी पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोपों को खारिज किया था। उन्होंने कहा था कि उन्होंने ऐसा कोई गंभीर संवैधानिक अपराध नहीं किया है, जिसके आधार पर उन्हें पद से हटाया जा सके।
A soldier guarding the Tomb of the Unknown Soldier issued a verbal reprimand to a group of advisers and staffers with Defense Secretary Pete Hegseth following a Veterans Day ceremony at Arlington National Cemetery. As the group broke from taking photos, a loud laugh could be heard, and the soldier guarding the tomb shouted: “All visitors will maintain an atmosphere of silence and respect at all times.”
— The Associated Press (@AP) November 11, 2026
नेताओं ने भी साधा निशाना
स्मारक पर हुई घटना के बाद डेमोक्रेटिक नेताओं ने हेगसेथ की आलोचना की। विस्कॉन्सिन की सांसद ग्वेन मूर ने सोशल मीडिया पर आरोप लगाया कि इस घटना से रक्षा मंत्री की पद के प्रति अयोग्यता सामने आई है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी सैनिकों के प्रति सम्मान दिखाना जरूरी है और टॉम्ब ऑफ द अननोन सोल्जर की गरिमा बनाए रखनी चाहिए। अर्लिंग्टन नेशनल सेमेट्री को लेकर साल 2024 में भी विवाद हुआ था। उस समय राष्ट्रपति चुनाव प्रचार के दौरान डोनाल्ड ट्रंप इराक और अफगानिस्तान युद्ध में मारे गए अमेरिकी सैनिकों को श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे।
इस दौरान ट्रंप के एक चुनावी अभियान कर्मचारी पर कब्रिस्तान के कर्मचारी को धक्का देने का आरोप लगा था। कर्मचारी कथित तौर पर दो लोगों को कार्यक्रम की तस्वीरें और वीडियो बनाने से रोकने की कोशिश कर रहा था।
Read More : Nepal में कांपी धरती, 4.9 तीव्रता का भूकंप; 73 किलोमीटर गहराई में था केंद्र




