U19 Asia Cup Final : क्रिकेट में भारत और पाकिस्तान की भिड़ंत का रोमांच हमेशा अलग होता है। अब एक बार फिर दोनों देशों की युवा टीमें मैदान पर आमने-सामने होंगी। अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में भारत और पाकिस्तान के बीच खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। बता दें कि टूर्नामेंट के पहले सेमीफाइनल में पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। बांग्लादेश की टीम 32वें ओवर में 138 रन बनाकर ऑलआउट हो गई।
इसके जवाब में पाकिस्तान ने महज 21.5 ओवर में एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ डिफेंडिंग चैंपियन ने लगातार चौथा मुकाबला जीतते हुए फाइनल में जगह बनाई।
U19 Asia Cup Final
वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने अफगानिस्तान को 8 विकेट से हराया। अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 227 रन बनाए। जवाब में भारतीय बल्लेबाजों ने 37वें ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। अब फाइनल में भारत के सामने पाकिस्तान की चुनौती होगी। ग्रुप चरण में पाकिस्तान ने भारत को रोमांचक मुकाबले में 3 विकेट से हराया था। ऐसे में खिताबी मुकाबले में टीम इंडिया के पास पिछली हार का हिसाब बराबर करने का मौका होगा।
कब और कहां खेला जाएगा फाइनल?
भारत और पाकिस्तान के बीच अंडर-19 एशिया कप 2026 का फाइनल 14 नवंबर को ओमान के अल अमरात क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा। भारतीय समय के मुताबिक मुकाबला सुबह 10:30 बजे शुरू होगा।
- टीवी पर प्रसारण: सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क
- लाइव स्ट्रीमिंग: सोनी लिव ऐप
अंडर-19 टीम
भारत अंडर-19: लक्ष्य राजेश रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, अर्जुन राजपूत, यशबर्धन चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), मनल चौहान, मोहित उलवा, आर्यन सवसानी, काव्या पटेल, ईशान सूद, यशवीर गौड़, कुशाग्र ओझा, रजत बघेल और शविन विनोद।
पाकिस्तान अंडर-19: उस्मान खान, जहांगीर बिलाल, अब्दुल कादिर, फरहान यूसुफ (कप्तान), अहमद हुसैन, हसनैन अब्बास डार, हमजा जहूर (विकेटकीपर), मोहम्मद सय्याम, रिजवानुल्लाह, नकाब शफीक, मोहम्मद हुजैफा, हुजैफा अहसन, हयाम खान, अब्दुल सुभान और अली रजा।




