UP T20 League 2026 : यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन के आगाज में अब सिर्फ तीन दिन बाकी हैं। 14 अगस्त से लखनऊ के इकाना स्टेडियम में लीग की शुरुआत होगी, जहां मुकाबलों को लेकर ज्यादातर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वहीं, 28 अगस्त से कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम में होने वाले मैचों के लिए अभी कई काम बाकी हैं। ग्रीन पार्क में लीग के 12 मुकाबलों के लिए पिच क्यूरेटर भूपेंद्र सिंह ने चार, पांच और छह नंबर पिच तैयार कर दी हैं।
खिलाड़ियों के अभ्यास के लिए स्ट्रिप विकेट भी तैयार किए जा रहे हैं। ग्राउंड्समैन मैदान को अंतिम रूप देने में जुटे हैं, ताकि मैच शुरू होने से पहले सभी जरूरी काम पूरे किए जा सकें।
UP T20 League 2026
मैदान की तैयारियों के साथ स्टेडियम के पवेलियन में भी काम चल रहा है। सी पवेलियन में मरम्मत का कार्य जारी है, जबकि दूसरे पवेलियन में टूटी कुर्सियां और जगह-जगह फैली गंदगी नजर आ रही है। इससे दर्शकों के लिए व्यवस्थाओं को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। मैचों के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है, ऐसे में इन कमियों को समय रहते दूर करना चुनौती होगी।
जल निकासी पर काम
मानसून को देखते हुए ग्रीन पार्क में जलभराव की समस्या से निपटने की तैयारी भी की जा रही है। डायरेक्टर पवेलियन की ओर पाइप लाइन डाली जा रही है, जिससे बारिश का पानी निकालने की व्यवस्था बेहतर हो सके। हालांकि, स्टेडियम में फ्लड लाइट का काम अभी बाकी है। लीग के आयोजन को लेकर यूपीसीए के अधिकारी लखनऊ में डेरा डाल चुके हैं और वहां तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। लखनऊ में 14 अगस्त से मुकाबले शुरू होने के बाद टीमों का रुख कानपुर की ओर होगा। ऐसे में ग्रीन पार्क में बचे हुए कामों को समय पर पूरा करना जरूरी है। हालांकि, तैयारियां कब तक पूरी होंगी, इस सवाल पर जिम्मेदार अधिकारी फिलहाल स्पष्ट जवाब देने से बच रहे हैं।
Read ,pre : UP ITI Admission 2026 के लिए मौका, 15 अगस्त तक आवेदन और ट्रेड बदल सकेंगे अभ्यर्थी





