Home » उत्तर प्रदेश » Katarniaghat में बाघ और तेंदुए का आतंक, महिला समेत दो की मौत से मचा हड़कंप

Katarniaghat में बाघ और तेंदुए का आतंक, महिला समेत दो की मौत से मचा हड़कंप

Katarniaghat : बहराइच के कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में शुक्रवार को वन्यजीवों के हमले की दो अलग-अलग घटनाओं ने जंगल से सटे गांवों में दहशत फैला दी। धर्मापुर रेंज में बकरियां चराने गई 55 वर्षीय महिला पर बाघ ने हमला कर दिया, जबकि मोतीपुर रेंज में सात साल के बच्चे को तेंदुआ झाड़ियों में खींच ले गया। दोनों घटनाओं में जान चली गई। धर्मापुर रेंज के गुजरहना गांव निवासी 55 वर्षीय जमिया शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे बकरियां चराने खेत की ओर गई थीं।

शाम करीब सात बजे बकरियां तो वापस घर पहुंच गईं, लेकिन महिला नहीं लौटीं। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान महिला के पैर का हिस्सा मिला। घटनास्थल के आसपास बाघ के पदचिह्न भी दिखाई दिए।

वन विभाग की टीम

महिला के लापता होने और अवशेष मिलने की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन क्षेत्राधिकारी दीपक मिश्रा के अनुसार घटना की जांच की जा रही है और वन्यजीव की पहचान के लिए भी जानकारी जुटाई जा रही है। महिला के अन्य अवशेषों की तलाश में टीम अभियान चला रही है। दूसरी घटना मोतीपुर रेंज के चमारन पुरवा में हुई। गांव निवासी सात वर्षीय सूरज शुक्रवार दोपहर एक अन्य बच्चे के साथ खेत की तरफ गया था। इसी दौरान झाड़ियों से निकले तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया और उसे खींचकर अंदर ले गया। साथ मौजूद बच्चा किसी तरह वहां से भाग निकला और गांव पहुंचकर परिजनों को पूरी घटना बताई।

मिला क्षत-विक्षत शव

बच्चे के तेंदुए के हमले की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। शाम करीब छह बजे झाड़ियों के पास सूरज का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। एक ही दिन में वन्यजीवों के दो हमलों से जंगल से सटे गांवों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन्यजीवों की निगरानी बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा के लिए प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है। डीएफओ अपूर्व दीक्षित ने बताया कि दोनों घटनाओं की जांच के लिए टीमें लगाई गई हैं। प्रभावित परिवारों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बरसात के दौरान जंगल और खेतों के आसपास रहने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

Read More : UP Police Medal 2026: स्वतंत्रता दिवस पर 1369 अफसर-कर्मचारियों को सेवा पदक, 707 को अति उत्कृष्ट सम्मान

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?