Greater Aligarh : अलीगढ़-पलवल हाईवे के किनारे विकसित की जा रही ग्रेटर अलीगढ़ योजना में अब खेल सुविधाओं को भी बड़ा विस्तार मिलने जा रहा है। योजना में करीब 55 एकड़ जमीन पर अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्टेडियम विकसित किया जाएगा। इसमें एक साथ करीब 35 हजार दर्शक बैठकर मैच देख सकेंगे। स्टेडियम को इस तरह विकसित किया जाएगा कि भविष्य में आईपीएल जैसे बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी भी की जा सके।
प्रस्तावित स्टेडियम में क्रिकेट के साथ वॉलीबॉल, बैडमिंटन और स्वीमिंग पूल जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। इसके निर्माण में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड के निर्धारित मानकों को ध्यान में रखा जा रहा है। एडीए के मुताबिक, स्टेडियम का निर्माण पीपीपी मॉडल पर कराया जाएगा।
Greater Aligarh
ग्रेटर अलीगढ़ योजना के सेक्टर 10 में एजुकेशन सिटी और मेडिसिटी विकसित करने का प्रस्ताव है। दोनों परियोजनाओं के लिए करीब 85 एकड़ जमीन आरक्षित की गई है। एजुकेशन सिटी में पीपीपी मॉडल पर दो निजी विश्वविद्यालय और छह कॉलेज विकसित किए जाएंगे। इनमें 25 और 40 एकड़ में दो निजी विश्वविद्यालय बनाए जाने की योजना है। वहीं मेडिसिटी में अस्पताल और स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित होंगी।
बनेंगे आवास
इसी सेक्टर में करीब 10 हेक्टेयर जमीन पर एडीए का नया जोनल कार्यालय और कर्मचारियों के लिए आवास बनाए जाएंगे। इस परियोजना पर करीब 111 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके अलावा बिजली घर के निर्माण के लिए बिजली निगम को 12 एकड़ जमीन देने पर भी सहमति बनी है। ग्रेटर अलीगढ़ योजना में करीब 98 एकड़ जमीन पर इंटीग्रेटेड रेजीडेंशियल टाउनशिप विकसित की जाएगी। सेक्टर 1, 2 और 3 में कुल 1015 आवासीय भूखंड आवंटित किए जाएंगे। इनमें 890 भूखंडों का आवंटन लॉटरी और 125 भूखंडों की नीलामी के जरिए होगी। आवासीय भूखंडों की अनुमानित दर करीब 23 हजार रुपये प्रति वर्गमीटर रखी गई है।
जमीन आरक्षित
योजना में 19,640 वर्गमीटर जमीन एलआईजी और ईडब्ल्यूएस श्रेणी के आवासों के लिए आरक्षित की गई है। वहीं, कॉमर्शियल और रेजीडेंशियल प्लॉट तक बेहतर कनेक्टिविटी के लिए 45, 24, 18 और 12 मीटर चौड़ी सड़कें विकसित की जाएंगी। यह फैसला अलीगढ़ विकास प्राधिकरण की 91वीं बोर्ड बैठक में लिया गया, जिसमें ग्रेटर अलीगढ़ योजना के सात सेक्टरों के लेआउट को मंजूरी दी गई।
Read More : Independence Day पर यूपी पुलिस के 12 अधिकारियों को मिलेगा राष्ट्रपति का वीरता पदक, मरणोपरांत वीरता पदक





