UP Weather Update : उत्तर प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां लगातार सक्रिय बनी हुई हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के 8 जिलों में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार कई इलाकों में तेज हवाएं 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चल सकती हैं। हालांकि सुबह अधिकांश शहरों में तेज धूप देखने को मिली, जबकि कुछ स्थानों पर बादलों की आवाजाही भी बनी रही। बढ़ती उमस ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। सोमवार शाम को मौसम ने कई जगह अचानक करवट ली। बदायूं में ओलावृष्टि दर्ज की गई, जबकि तेज आंधी के दौरान एक पेड़ चलते ऑटो पर गिर गया।
मथुरा सहित पांच जिलों में बारिश होने से कुछ समय के लिए मौसम सुहावना हुआ, लेकिन कई क्षेत्रों में उमस बरकरार रही। दूसरी ओर बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
UP Weather Update
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार हरियाणा के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की वजह से प्री-मानसून गतिविधियां बनी हुई हैं। उन्होंने बताया कि मानसून फिलहाल बिहार सीमा तक पहुंच चुका है और यदि परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो 20 से 23 जून के बीच झारखंड के रास्ते सोनभद्र से उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। कहीं-कहीं हल्की बारिश और बूंदाबांदी की संभावना है, जबकि 19 और 20 जून के आसपास कई जिलों में तेज बारिश और आंधी देखने को मिल सकती है। मानसून की एंट्री के साथ पूर्वी और दक्षिणी उत्तर प्रदेश में अच्छी बारिश होने के संकेत भी मिल रहे हैं।
गर्मी से राहत नहीं
आगरा में मंगलवार सुबह तेज धूप रही और तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में बारिश की संभावना जताई है। गोरखपुर में भी तेज धूप और अधिक नमी के कारण उमस बनी हुई है। यहां अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। वहीं कानपुर में सुबह से ही आसमान साफ रहा और दोपहर में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। लू चलने की आशंका भी बनी हुई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इस वर्ष उत्तर प्रदेश में जून से सितंबर के बीच सामान्य से कम वर्षा होने की संभावना है। जहां आमतौर पर इस अवधि में 820 से 840 मिलीमीटर बारिश होती है, वहीं इस बार लगभग 8 प्रतिशत कम यानी 754 से 773 मिलीमीटर तक वर्षा होने का अनुमान लगाया गया है। हालांकि स्थानीय मौसम प्रणालियों के सक्रिय होने पर कई इलाकों में भारी बारिश के दौर भी देखने को मिल सकते हैं।




