IPL 2027 Auction : आईपीएल में चौके-छक्कों का शोर शुरू होने में अभी वक्त है, लेकिन उससे पहले खिलाड़ियों को अपनी टीम में शामिल करने की जंग देखने को मिलेगी। खास बात यह है कि तीन सीजन तक विदेश में ऑक्शन कराने के बाद अब इसकी भारत वापसी होने जा रही है। आईपीएल 2027 से पहले होने वाला मिनी ऑक्शन भारत में आयोजित किया जाएगा। क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार को हुई आईपीएल गवर्निंग काउंसिल की बैठक में इसे लेकर फैसला लिया गया है।
आईपीएल 2023 के लिए खिलाड़ियों का ऑक्शन कोच्चि में आयोजित किया गया था। इसके बाद लगातार तीन सीजन तक नीलामी विदेश में कराई गई। इस दौरान दुबई, जेद्दा और अबु धाबी को ऑक्शन की मेजबानी मिली।
IPL 2027 Auction
अब बीसीसीआई ने एक बार फिर इस बड़े आयोजन को भारत में कराने की दिशा में कदम बढ़ाया है। हालांकि किस शहर में ऑक्शन होगा, इसे लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। IPL ऑक्शन को विदेश में आयोजित करना फ्रेंचाइजी के लिए आसान नहीं था। टीमों को अपने बड़े डेलिगेशन के साथ दूसरे देश जाना पड़ता है। इसके साथ यात्रा, ठहरने और दूसरी व्यवस्थाओं से जुड़ी चुनौतियां भी सामने आती हैं। रिपोर्ट के अनुसार फ्रेंचाइजी की तरफ से विदेशी आयोजन से जुड़ी लॉजिस्टिकल और ऑपरेशनल परेशानियों को लेकर चिंता जाहिर की गई थी।
सामने रखा गया था मुद्दा
पिछले ऑक्शन के दौरान भी फ्रेंचाइजी की इन परेशानियों पर चर्चा हुई थी। रिपोर्ट के मुताबिक अबु धाबी में आयोजित नीलामी के समय बीसीसीआई के सदस्यों ने इस मुद्दे पर विचार किया था। इसके बाद गवर्निंग काउंसिल ने आईपीएल 2027 से पहले होने वाले मिनी ऑक्शन के लिए भारत को प्राथमिकता देने का फैसला किया। इससे फ्रेंचाइजी के लिए पूरे आयोजन की व्यवस्था पहले के मुकाबले आसान हो सकती है।
शहर चुनना अगला काम
ऑक्शन भारत में होगा, लेकिन इसकी मेजबानी कौन सा शहर करेगा, इस सवाल का जवाब फिलहाल नहीं मिला है। बीसीसीआई को ऐसा शहर और होटल तलाशना होगा, जहां सभी फ्रेंचाइजी के प्रतिनिधियों के साथ ऑक्शन से जुड़े अधिकारियों और अन्य लोगों के ठहरने की पर्याप्त व्यवस्था मौजूद हो। इसी आधार पर संभावित शहरों के विकल्प पर विचार किया जाएगा।
100 से ज्यादा कमरे
आईपीएल ऑक्शन का आयोजन बड़े स्तर पर होता है। इसके लिए पांच सितारा होटल में 100 से ज्यादा कमरों की जरूरत पड़ सकती है। सभी 10 फ्रेंचाइजी अपने अधिकारियों और सपोर्ट स्टाफ के साथ ऑक्शन में शामिल होती हैं। इसके अलावा बीसीसीआई और आयोजन से जुड़े अन्य लोगों के लिए भी व्यवस्था करनी होती है। ऐसे में होटल की उपलब्धता वेन्यू तय करने में अहम भूमिका निभाएगी। आईपीएल ऑक्शन आमतौर पर नवंबर या दिसंबर के दौरान आयोजित किया जाता है। भारत में यही समय शादियों का बड़ा सीजन भी होता है। इस दौरान बड़े शहरों के पांच सितारा होटलों में कमरे और इवेंट स्पेस मिलना मुश्किल हो सकता है। यही वजह है कि बोर्ड ऑक्शन की तारीख और शहर तय करने से पहले फ्रेंचाइजी के पूरे डेलिगेशन के लिए उपलब्ध सुविधाओं को ध्यान में रखेगा।
मेगा ऑक्शन फिर जा सकता है विदेश
मिनी ऑक्शन की भारत वापसी के बावजूद विदेश में आईपीएल नीलामी का सिलसिला पूरी तरह खत्म होता नहीं दिख रहा है। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि अगले साल होने वाले मेगा ऑक्शन को फिर विदेश में आयोजित करने पर विचार किया जा सकता है। फिलहाल, आईपीएल 2027 के मिनी ऑक्शन की तारीख और वेन्यू का इंतजार है, जहां एक बार फिर खिलाड़ियों पर करोड़ों रुपये की बोलियां लगती नजर आएंगी।
Read MOre : IND vs AFG 2nd T20: दिल्ली में संजू का तूफान, 31 गेंद पहले जीता भारत, सीरीज पर कब्जा




