Prayagraj News : समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव रविवार को लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से निजी विमान के जरिए प्रयागराज के लिए रवाना होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह दोपहर 12:15 बजे प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से सीधे होटल रुद्राक्ष जाएंगे, जहां दोपहर 1:30 बजे मीडिया से बातचीत करेंगे। प्रेस वार्ता के बाद अखिलेश यादव शाम 5 बजे प्रतापपुर से सपा विधायक विजमा यादव के अशोक नगर स्थित आवास पहुंचेंगे।
अखिलेश यादव के आगमन से पहले ही प्रयागराज एयरपोर्ट के बाहर बड़ी संख्या में समर्थक पहुंच गए। स्वागत की तैयारियों के तहत पार्किंग क्षेत्र में वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। पार्टी कार्यकर्ताओं में उनके दौरे को लेकर खासा उत्साह नजर आया।
Prayagraj News
सोमवार को सुबह 11 बजे अखिलेश यादव होटल रेडिसन में आयोजित विजन इंडिया की बैठक में हिस्सा लेंगे। इसके बाद दोपहर 2 बजे प्रेस वार्ता कर समसामयिक और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी बात रखेंगे। दोपहर 3 बजे वह अल्लापुर स्थित सपा विधायक संदीप पटेल के आवास पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं से मुलाकात करेंगे। अखिलेश यादव का यह दौरा 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अहम माना जा रहा है।
रहेगा फोकस
माना जा रहा है कि वह संगठन की मजबूती, बूथ स्तर की तैयारियों और चुनावी रणनीति को लेकर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से विस्तार से चर्चा करेंगे। इसके साथ ही स्थानीय राजनीतिक समीकरणों और जनसंपर्क अभियान को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दे सकते हैं। इसके बाद शाम 5:30 बजे करेली क्षेत्र में अधिवक्ता सैय्यद इफ्तिखार हुसैन के आवास पर जाकर मुलाकात करेंगे। दिनभर के कार्यक्रमों के बाद वह प्रयागराज में ही रात्रि विश्राम करेंगे।




