Home » उत्तर प्रदेश » UP में दो दिन सुस्त रहेगा मानसून, 25 जिलों में बारिश का अलर्ट; 26 जिलों में उमस और गर्मी बढ़ाएगी परेशानी

UP में दो दिन सुस्त रहेगा मानसून, 25 जिलों में बारिश का अलर्ट; 26 जिलों में उमस और गर्मी बढ़ाएगी परेशानी

UP Monsoon News : उत्तर प्रदेश में पूरे राज्य को कवर करने के बाद मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में व्यापक बारिश की संभावना नहीं है। इस दौरान केवल कुछ जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि कई इलाकों में उमसभरी गर्मी लोगों की मुश्किलें बढ़ाएगी। रविवार सुबह लखनऊ, कानपुर, बाराबंकी समेत अधिकांश शहरों में आसमान साफ रहा और धूप निकली। हालांकि, बीच-बीच में चल रही ठंडी हवाओं के कारण लोगों को तेज गर्मी से कुछ राहत जरूर महसूस हुई।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने रविवार के लिए प्रदेश के 25 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं 26 जिलों में उमस और गर्मी बढ़ने की चेतावनी दी गई है। इस सीजन अब तक प्रदेश में करीब 44 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। इससे कई जिलों में खेती और जल स्रोतों को लेकर चिंता बढ़ने लगी है।

UP Monsoon News

मौसम विभाग का कहना है कि मानसून की सक्रियता कमजोर पड़ने से तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है और दिन के समय चिपचिपी गर्मी लोगों को परेशान करेगी। ऐसे में बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। इस बार मानसून की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 4 जुलाई तक उत्तर प्रदेश में औसतन 44 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जबकि सामान्य वर्षों में इसी अवधि में लगभग 118 मिलीमीटर वर्षा होती है।

कई जिलों में भारी कमी

बारिश की कमी का सबसे अधिक असर पूर्वी उत्तर प्रदेश में दिखाई दे रहा है। यहां सामान्य के मुकाबले करीब 51 प्रतिशत कम वर्षा हुई है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी बारिश 29 प्रतिशत कम दर्ज की गई है। जौनपुर में 91 प्रतिशत, देवरिया में 87 प्रतिशत, वाराणसी और मऊ में 75 प्रतिशत, सिद्धार्थनगर और उन्नाव में 70 प्रतिशत, अमेठी और सीतापुर में 65 प्रतिशत तथा प्रयागराज में 71 प्रतिशत तक बारिश की कमी दर्ज की गई है। हालांकि चित्रकूट, कानपुर नगर, फतेहपुर, प्रतापगढ़, फिरोजाबाद, आगरा, झांसी और हमीरपुर जैसे कुछ जिलों में सामान्य से बेहतर बारिश देखने को मिली है।

जानिए वजह

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी वाली हवाएं और सक्रिय मौसमी सिस्टम फिलहाल कमजोर पड़ गए हैं। इसी वजह से प्रदेश में व्यापक बारिश का माहौल नहीं बन पा रहा है। लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार उत्तरी ओडिशा तट के पास बने मौसम तंत्र के प्रभाव से अगले दो दिन तक मानसून कमजोर रहेगा। पश्चिमी और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि मध्य और पूर्वी यूपी में उमस बनी रहेगी।

7 जुलाई से सक्रिय मानसून

मौसम विभाग का अनुमान है कि यह स्थिति ज्यादा दिनों तक नहीं रहेगी। 7 जुलाई से मानसून एक बार फिर सक्रिय होने लगेगा। 8 से 10 जुलाई के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश होने की संभावना है। कुछ जिलों में भारी वर्षा भी दर्ज की जा सकती है। ऐसे में किसानों के साथ-साथ आम लोगों को भी जल्द गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।

Read More : YEIDA News: 5100 किसानों को जल्द मिलेंगे 7% आबादी भूखंड के आवंटन पत्र, इन गांवों के लोग होंगे लाभार्थी

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?