Meerut School Holiday : श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या तथा इसके चलते लागू यातायात डायवर्जन को देखते हुए जिला प्रशासन ने एक अहम फैसला लिया है। जिला मजिस्ट्रेट डॉ. वीके सिंह की ओर से जारी आदेश के मुताबिक जनपद मेरठ के सभी स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय और तकनीकी संस्थान 3 अगस्त से 12 अगस्त तक बंद रखे जाएंगे। यह फैसला हरिद्वार से आने वाले कांवड़ियों की भारी भीड़ और उससे पैदा होने वाली यातायात व्यवस्था की चुनौतियों को ध्यान में रखकर किया गया है।
आदेश में साफ किया गया है कि कक्षा एक से लेकर बारहवीं तक के सभी विद्यालय इस अवधि में पूरी तरह बंद रहेंगे। इसमें बेसिक शिक्षा परिषद, माध्यमिक शिक्षा परिषद, सीबीएसई, आईसीएसई, मदरसा बोर्ड के साथ-साथ अन्य सभी बोर्डों से जुड़े शिक्षण संस्थान भी शामिल हैं।
Meerut School Holiday
जनपद में किसी भी बोर्ड से संबद्ध कोई भी स्कूल इन दस दिनों में नहीं खुलेगा। इसके साथ ही, जनपद के सभी सरकारी और निजी महाविद्यालय, विश्वविद्यालय और तकनीकी संस्थान भी इसी अवधि के लिए बंद रहेंगे। हालांकि जिन पाठ्यक्रमों या विषयों की परीक्षाएं पहले से तय हो चुकी हैं, वे पूर्व घोषित समय-सारिणी के अनुसार ही आयोजित की जाएंगी, इनमें कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी ने अपने आदेश में बताया कि श्रावण मास के दौरान हरिद्वार की ओर से आने वाले कांवड़ियों की तादाद काफी अधिक रहती है, जिसके चलते जनपद के विभिन्न कांवड़ मार्गों पर यातायात डायवर्जन लागू किया गया है।
डायवर्जन लागू
ऐसे हालात में विद्यार्थियों की सुरक्षा और जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है, और इसी उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। जिला प्रशासन ने जनपद के सभी शिक्षण संस्थानों तथा संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि इस आदेश का पालन पूरी सख्ती के साथ किया जाए ताकि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था या असुविधा न हो।
Read More : UP Weather: 4 अगस्त से फिर बदलेगा मौसम, गंगा के मैदानी इलाकों में तेज बारिश का अलर्ट




