IPL 2026 : पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के कार्यक्रम का ऐलान कर दिया है। यह सीरीज मई के अंत में शुरू होगी और जून के पहले सप्ताह तक चलेगी। क्रिकेट फैंस के लिए यह मुकाबला काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि दोनों टीमें अगले वनडे विश्व कप की तैयारियों के लिहाज से अपनी ताकत परखेंगी। सीरीज का पहला वनडे मुकाबला 30 मई को रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा।
बता दें कि इसके बाद दूसरा और तीसरा मैच 2 जून और 4 जून को गद्दाफी स्टेडियम में आयोजित होंगे। ऑस्ट्रेलियाई टीम 23 मई को पाकिस्तान पहुंचेगी, जहां वह सीरीज से पहले तैयारी करेगी।
IPL 2026
पाकिस्तान टीम बांग्लादेश दौरे पर व्यस्त है, जहां वह विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत दो टेस्ट मैच खेल रही है। इससे पहले पाकिस्तान को बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज में हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में घरेलू मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यह सीरीज टीम के लिए वापसी का बड़ा मौका मानी जा रही है। इस सीरीज की टाइमिंग ने आईपीएल 2026 की टीमों की परेशानी बढ़ा दी है। पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज ऐसे समय खेली जाएगी, जब आईपीएल का लीग चरण खत्म हो चुका होगा और प्लेऑफ मुकाबले जारी होंगे। ऐसे में कई फ्रेंचाइजियों को अपने प्रमुख ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की उपलब्धता को लेकर चिंता सताने लगी है।
इन टीमों को लग सकता है झटका
जो आईपीएल टीमें प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाएंगी, उनके विदेशी खिलाड़ी आसानी से राष्ट्रीय टीम से जुड़ सकते हैं। लेकिन प्लेऑफ में पहुंचने वाली चार टीमों के लिए स्थिति मुश्किल हो सकती है। अगर ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी देश के लिए खेलने लौटते हैं, तो उनकी आईपीएल टीमों को बड़े मुकाबलों में नुकसान उठाना पड़ सकता है। यह सीरीज सिर्फ द्विपक्षीय मुकाबला नहीं मानी जा रही, बल्कि अगले वनडे विश्व कप की तैयारी का भी अहम हिस्सा है। दोनों टीमें अपने संयोजन, बल्लेबाजी क्रम और गेंदबाजी विकल्पों को परखने की कोशिश करेंगी। इसलिए ऑस्ट्रेलिया अपने प्रमुख खिलाड़ियों को इस सीरीज में मौका दे सकता है।
हालिया रिकॉर्ड से बढ़ा रोमांच
ऑस्ट्रेलिया इसी साल की शुरुआत में टी20 सीरीज खेलने पाकिस्तान गया था, जहां मेजबान टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी मुकाबले अपने नाम किए थे। ऐसे में वनडे सीरीज को लेकर भी उत्साह काफी ज्यादा है और फैंस को एक कड़ी टक्कर देखने की उम्मीद है। फिलहाल, सबसे बड़ा सवाल यही है कि आईपीएल प्लेऑफ में खेलने वाले ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी किसे प्राथमिकता देंगे फ्रेंचाइजी क्रिकेट या राष्ट्रीय टीम… आने वाले दिनों में क्रिकेट बोर्ड और आईपीएल टीमों के बीच तालमेल इस पूरे मुद्दे में अहम भूमिका निभा सकता है।
Read More : IPL 2026 के नॉकआउट मुकाबलों के वेन्यू में बड़ा बदलाव, अब इस स्टेडियम में खेला जाएगा मैच





