Home » उत्तर प्रदेश » UP आएगा जापान के यामानाशी से 250 उद्यमियों का दल, निवेश पर होगा बड़ा मंथन

UP आएगा जापान के यामानाशी से 250 उद्यमियों का दल, निवेश पर होगा बड़ा मंथन

CM Yogi

UP News : जापान के यामानाशी प्रांत से करीब 250 उद्यमियों का प्रतिनिधिमंडल 20 और 21 अगस्त को उत्तर प्रदेश के दौरे पर आएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की हालिया जापान यात्रा के बाद हो रहा यह दौरा प्रदेश में जापानी निवेश को गति देने की दिशा में अहम माना जा रहा है। इससे पहले 19 अगस्त को प्रतिनिधिमंडल की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की संभावना भी जताई जा रही है। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार जापानी उद्यमी 20 अगस्त को आगरा का दौरा करने के बाद लखनऊ पहुंचेंगे।

CM Yogi

यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ निवेश और औद्योगिक विकास को लेकर बड़ा कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसमें जापानी प्रतिनिधिमंडल के सामने उत्तर प्रदेश के औद्योगिक माहौल और निवेश की संभावनाओं का विस्तृत प्रस्तुतीकरण किया जाएगा।

UP आएगा जापान

लखनऊ में होने वाले कार्यक्रम में प्रदेश की निवेश नीतियों, औद्योगिक क्षेत्रों में जमीन की उपलब्धता, एक्सप्रेसवे नेटवर्क और लॉजिस्टिक सुविधाओं के साथ अलग-अलग क्षेत्रों में निवेश के अवसरों की जानकारी दी जाएगी। जापानी कंपनियों को उत्तर प्रदेश में कारोबार स्थापित करने के लिए उपलब्ध सुविधाओं और सरकारी सहयोग से भी अवगत कराया जाएगा।

हाइड्रोजन पर रहेगा जोर

जापानी उद्यमियों के प्रस्तावित दौरे में विनिर्माण और हरित हाइड्रोजन जैसे क्षेत्रों को प्राथमिकता मिलने की उम्मीद है। निवेश प्रस्तावों के साथ समझौता ज्ञापन, निवेश आशय पत्र और जमीन आवंटन से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हो सकती है। इस पूरी कवायद में इन्वेस्ट यूपी की जापान डेस्क महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण क्षेत्र में प्रस्तावित जापान औद्योगिक टाउनशिप को जापानी कंपनियों के लिए निवेश के प्रमुख विकल्प के तौर पर पेश किया जा सकता है। इससे जापानी उद्योगों को उत्तर प्रदेश में उत्पादन इकाइयां स्थापित करने के लिए एक अनुकूल औद्योगिक वातावरण उपलब्ध कराने की कोशिश होगी।

केंद्र पर बनी सहमति

यामानाशी और उत्तर प्रदेश के बीच हरित हाइड्रोजन के लिए उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने की दिशा में समझौता हुआ है। इसमें आईआईटी बीएचयू वाराणसी और मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, गोरखपुर की भूमिका प्रस्तावित है। 21 अगस्त को लखनऊ में जापानी मेहमानों के लिए औद्योगिक एवं निवेश कार्यक्रम आयोजित किए जाने की तैयारी है। यामानाशी के गवर्नर कोटारो नागासाकी ने अगस्त में जापानी उद्यमियों के साथ उत्तर प्रदेश आने का प्रस्ताव रखा था।

जुलाई में यामानाशी के 12 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ में इन्वेस्ट यूपी के अधिकारियों के साथ बैठक कर दौरे की तैयारियों पर चर्चा की थी। अब करीब 250 उद्यमियों के आने से प्रदेश को जापान से बड़े निवेश प्रस्ताव मिलने की उम्मीद है।

Read More : Raksha Bandhan 2026: बरेली में बहनों के लिए रोडवेज की 100 अतिरिक्त बसें, रेलवे चलाएगा छह विशेष ट्रेनें

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?