Agra University 2026 : डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय में पीएचडी प्रवेश-2026 की काउंसलिंग प्रक्रिया 20 अगस्त से शुरू होगी। तीन दिन चलने वाली काउंसलिंग में प्रवेश परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। विश्वविद्यालय ने इसके लिए खंदारी कैंपस में पांच काउंसलिंग केंद्र बनाए हैं। पीएचडी प्रवेश के लिए विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित परीक्षा में 54 पाठ्यक्रम शामिल थे। इस बार करीब 2,900 अभ्यर्थियों ने प्रवेश परीक्षा दी, जिनमें से 2,050 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। अब इन्हीं सफल अभ्यर्थियों को आगे की प्रवेश प्रक्रिया के लिए काउंसलिंग में शामिल होना होगा।
काउंसलिंग 20, 21 और 22 अगस्त को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक होगी। इसके लिए खंदारी कैंपस में पांच केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें इंस्टीट्यूट ऑफ बेसिक साइंस के केमिस्ट्री विभाग, फिजिक्स विभाग, कंप्यूटर साइंस विभाग, सेठ पदमचंद जैन संस्थान और दाऊ दयाल संस्थान शामिल हैं।
Agra University
काउंसलिंग समन्वयक प्रो. बीपी सिंह के अनुसार अभ्यर्थी 17 अगस्त से विश्वविद्यालय के लॉगइन के माध्यम से अपना काउंसलिंग लेटर डाउनलोड कर सकेंगे। काउंसलिंग की तारीख और केंद्र की जानकारी इसी लेटर में दी जाएगी। अभ्यर्थियों को निर्धारित तारीख पर ही संबंधित केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है। अभ्यर्थियों को उनके काउंसलिंग लेटर में दिए गए केंद्र पर ही पहुंचना होगा।
इन दस्तावेजों की जरूरत
काउंसलिंग के समय अभ्यर्थियों को काउंसलिंग लेटर और प्रवेश परीक्षा का प्रवेशपत्र साथ लाना होगा। इसके अलावा हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की अंकतालिका और प्रमाणपत्र, स्नातक व परास्नातक की सभी अंकतालिकाएं, डिग्री या प्रमाणपत्र भी जरूरी होंगे। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों को जाति प्रमाणपत्र, ईडब्ल्यूएस और दिव्यांग प्रमाणपत्र, जहां लागू हो, प्रस्तुत करना होगा। आधार कार्ड या अन्य वैध पहचानपत्र के साथ सभी मूल दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रतियां भी लेकर आनी होंगी।
Read More : Moradabad में पीलीकोठी चौराहे पर थम गया ट्रैफिक, 52 सेकंड तक गूंजा जन-गण-मन




