Moradabad News : मुरादाबाद में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर शुक्रवार सुबह पीलीकोठी चौराहा देशभक्ति के रंग में नजर आया। अमर उजाला और हरसहायमल श्यामलाल ज्वैलर्स की ओर से आयोजित ‘मां तुझे प्रणाम’ अभियान के तहत यहां सामूहिक राष्ट्रगान हुआ। हूटर बजते ही चौराहे पर मौजूद लोगों ने अपने कदम रोक लिए और कुछ ही पलों में पूरा माहौल राष्ट्रगान की धुन से गूंज उठा। सुबह करीब 8:30 बजे राष्ट्रगान से पहले हूटर बजाया गया।
इसके साथ ही पीलीकोठी चौराहे से गुजर रहे वाहन वहीं रोक दिए गए। सड़क पर मौजूद लोग भी अपने स्थान पर खड़े हो गए। प्रशासनिक अधिकारियों के साथ शहर के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों और आम लोगों ने सावधान की मुद्रा में राष्ट्रगान में हिस्सा लिया।
Moradabad में थम गया ट्रैफिक
राष्ट्रगान के दौरान करीब 52 सेकंड तक पीलीकोठी चौराहे पर यातायात पूरी तरह थमा रहा। ट्रैफिक पुलिस ने व्यवस्था संभालते हुए वाहनों को रोककर आयोजन को सुचारु बनाया। इस दौरान सड़क पर मौजूद हर उम्र और वर्ग के लोगों ने राष्ट्रगान में सहभागिता की और मातृभूमि के प्रति सम्मान जताया। सामूहिक राष्ट्रगान के दौरान पीलीकोठी चौराहे का माहौल पूरी तरह देशभक्ति से सराबोर नजर आया। राहगीरों से लेकर दुकानदारों और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों तक सभी ने एक साथ खड़े होकर राष्ट्र की एकता और अखंडता का संदेश दिया। आयोजन ने लोगों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व से भी जोड़ा।
गूंजे भारत माता के जयकारे
राष्ट्रगान समाप्त होते ही चौराहा भारत माता के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में शामिल शहरवासियों ने सामूहिक राष्ट्रगान को गर्व और सम्मान का क्षण बताया। ‘मां तुझे प्रणाम’ अभियान के तहत हुए इस आयोजन ने स्वतंत्रता दिवस पर शहर में देशभक्ति और एकजुटता की भावना को मजबूत किया।
Read More : DIG Ajay Kumar Sahni को तीसरी बार राष्ट्रपति वीरता पदक, साहसिक पुलिस ऑपरेशन के लिए मिला सम्मान




