Greater Aligarh : जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से करीब 35 किलोमीटर दूर अलीगढ़-पलवल हाईवे पर विकसित हो रही ग्रेटर अलीगढ़ योजना अब एनसीआर के निवेशकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनती जा रही है। अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम के प्रस्ताव के बाद यहां रियल एस्टेट की संभावनाओं को लेकर निवेशकों की सक्रियता बढ़ गई है। ग्रेटर अलीगढ़ योजना के सेक्टर सात में करीब 98 एकड़ जमीन पर प्रीमियम इंटीग्रेटेड रेजिडेंशियल टाउनशिप विकसित करने की योजना है।
इस परियोजना के लिए रियल एस्टेट कारोबारियों को लीज पर जमीन उपलब्ध कराई जाएगी। जमीन आवंटन के लिए बोली प्रक्रिया प्रस्तावित है। एनसीआर से जुड़े निवेशक इसी परियोजना की जानकारी जुटाने के लिए अलीगढ़ विकास प्राधिकरण और स्थानीय प्रॉपर्टी डीलरों से संपर्क कर रहे हैं।
Greater Aligarh
अलीगढ़-पलवल हाईवे के आसपास पिछले कुछ समय में कई बड़े विकास कार्य तेजी से आगे बढ़े हैं। सोफा नहर के पास राजपुर इंटीग्रेटेड इंडस्ट्रियल सिटी विकसित की जा रही है। अंडला में डिफेंस कॉरिडोर तैयार हो चुका है, जबकि ल्हौसरा में ट्रांसपोर्ट नगर स्थापित किया गया है। गांव लोढ़ा में राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय भी विकसित हो चुका है। टप्पल में बड़े लॉजिस्टिक हब का प्रस्ताव भी है।
होगी और मजबूत
अलीगढ़ से नोएडा, एनसीआर और पलवल होते हुए गुरुग्राम तक सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के लिए कई परियोजनाओं पर काम चल रहा है। अंडला से टप्पल के बीच एनएचएआई की ओर से नया एक्सप्रेसवे बनाया जा रहा है, जो जरारा गांव से होकर गुजरेगा। इसके अलावा अलीगढ़-पलवल हाईवे को चौड़ा करने का काम भी प्रस्तावित है।
अलीगढ़ विकास प्राधिकरण ने खैर में करीब 10 किलोमीटर लंबे बाईपास का प्रस्ताव दिया है। जट्टारी में भी बाईपास बनाने की योजना है। इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद अलीगढ़ से नोएडा और एनसीआर की ओर आवागमन अधिक सुगम होने की उम्मीद है। बेहतर कनेक्टिविटी और आसपास विकसित हो रही औद्योगिक एवं शैक्षणिक परियोजनाओं के कारण निवेशक ग्रेटर अलीगढ़ को भविष्य के संभावनाशील क्षेत्र के रूप में देख रहे हैं।
स्टेडियम का प्रस्ताव
ग्रेटर अलीगढ़ योजना में अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम के प्रस्ताव ने भी इस क्षेत्र की चर्चा बढ़ा दी है। ऐसे में एनसीआर के निवेशक आवासीय टाउनशिप और आसपास की जमीन में कारोबारी संभावनाओं का आकलन कर रहे हैं। माना जा रहा है कि प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के आगे बढ़ने के साथ इस इलाके में रियल एस्टेट गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।
Read More : UP Education News: 10 लाख बच्चों को ड्रेस-जूते के लिए मिलेंगे 1200 रुपये, बनेंगे मिनी स्टेडियम




