Asian Games 2026 : एशियन गेम्स 2026 में मैदान पर उतरे अपने पहले मुकाबले में भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को हराकर फाइनल में जगह बना ली। दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने श्रीलंका को 124 रन के बड़े अंतर से हराया। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट पर 169 रन बनाए। जवाब में श्रीलंकाई बल्लेबाजी भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और पूरी टीम सिर्फ 9.5 ओवर में 45 रन पर सिमट गई। अब गोल्ड मेडल के मुकाबले में भारत का सामना पाकिस्तान से होगा। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को शुरुआत में कुछ झटके लगे।
अभिषेक शर्मा केवल 7 रन बनाकर पवेलियन लौट गए, जबकि संजू सैमसन भी 9 गेंदों में 7 रन ही बना सके। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 13 रन का योगदान दिया। शुरुआती विकेट गिरने के बावजूद वैभव सूर्यवंशी ने तेजी से रन जुटाकर भारतीय पारी को संभाला। उन्होंने 21 गेंदों में 38 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।
Asian Games 2026
वैभव के आउट होने के बाद ईशान किशन ने भारतीय पारी की जिम्मेदारी संभाली। दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे, लेकिन ईशान क्रीज पर डटे रहे। उन्होंने 33 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और इसके बाद बल्लेबाजी की रफ्तार बढ़ा दी। ईशान ने अगली 13 गेंदों में 30 रन जोड़ दिए। वह 46 गेंदों में 80 रन बनाकर नाबाद लौटे। उनकी पारी में 4 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। भारत का लोअर ऑर्डर ज्यादा योगदान नहीं दे सका। अक्षर पटेल ने 13 गेंदों में 8 रन बनाए, जबकि तिलक वर्मा 2 और शिवम दुबे 3 रन बनाकर आउट हुए। वॉशिंगटन सुंदर ने आखिरी ओवरों में 3 गेंदों पर नाबाद 7 रन बनाए। इन पारियों की मदद से भारतीय टीम 169 रन तक पहुंचने में सफल रही। श्रीलंका के लिए थरिंदू रत्नायके ने 4 ओवर में 32 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।
टीम की शुरुआत बेहद खराब
170 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। जसप्रीत बुमराह ने पहले ही ओवर में दो विकेट निकालकर श्रीलंका को दबाव में डाल दिया। सिर्फ 2 रन तक पहुंचते-पहुंचते श्रीलंका के तीन बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। इसके बाद अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर ने भी बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। श्रीलंका की आधी टीम महज 18 रन पर पवेलियन लौट चुकी थी। लगातार विकेट गिरने के कारण कोई बड़ी साझेदारी नहीं बन सकी। नविंदू फर्नांडो ने सबसे ज्यादा 15 रन बनाए, जबकि कप्तान सहन 9 रन ही जोड़ सके। टीम के छह बल्लेबाज अपना खाता तक नहीं खोल पाए। भारत की तरफ से जसप्रीत बुमराह, अक्षर पटेल और अभिषेक शर्मा ने 2-2 विकेट लिए, जबकि वॉशिंगटन सुंदर के खाते में एक विकेट आया।
📸 𝗠𝗮𝗿𝗰𝗵𝗶𝗻𝗴 𝗶𝗻𝘁𝗼 𝘁𝗵𝗲 𝗙𝗶𝗻𝗮𝗹 🏅
A commanding 1️⃣2️⃣4️⃣-run victory in the semi-final takes #TeamIndia into the Gold Medal match on Saturday 🇮🇳
Scorecard ▶️ https://t.co/DjHV9q6htT#AsianGames pic.twitter.com/kr6h7UlyyG
— BCCI (@BCCI) October 1, 2026
वापसी का मौका नहीं
श्रीलंका की पारी का अंत अभिषेक शर्मा के ओवर में बेहद दिलचस्प अंदाज में हुआ। नौ ओवर के बाद श्रीलंका का स्कोर 7 विकेट पर 43 रन था। अभिषेक की पहली गेंद पर चमिका करुणारत्ने ने एक रन लिया और दूसरी गेंद पर थरिंदू रत्नायके ने एक रन बनाया। तीसरी गेंद पर रत्नायके रन आउट हो गए। चौथी गेंद पर करुणारत्ने स्टंप आउट हुए और पांचवीं गेंद पर बिनूरा फर्नांडो बोल्ड हो गए। इस तरह पांच गेंदों के अंदर श्रीलंका की पारी 45 रन पर समाप्त हो गई। अभिषेक ने सिर्फ पांच गेंदों में 2 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए। 45 रन पर श्रीलंका को समेटने के साथ भारत ने 124 रन की बड़ी जीत दर्ज की और सीधे फाइनल में जगह बना ली। बल्लेबाजी में ईशान किशन इस जीत के सबसे बड़े सितारों में रहे, जबकि गेंदबाजी में पूरी भारतीय यूनिट ने श्रीलंका को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
भारत और पाकिस्तान आमने-सामने
अब गोल्ड मेडल के लिए भारत और पाकिस्तान आमने-सामने होंगे। पाकिस्तान ने अपने सेमीफाइनल में बांग्लादेश को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई है। ऐसे में एशियन गेम्स 2026 के पुरुष क्रिकेट का फाइनल भारत-पाकिस्तान की प्रतिद्वंद्विता के कारण बेहद अहम होने वाला है। दोनों टीमें अब गोल्ड मेडल जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेंगी। बता दें कि भारत-पाकिस्तान गोल्ड मेडल मैच 3 अक्टूबर को खेला जाएगा।
Read More : ODI World Cup 2027 Schedule आज होगा जारी, जानें कब-कहां देख पाएंगे LIVE; भारत के मुकाबलों पर रहेंगी नजरें




