Lucknow T20 Match : लखनऊ में यूपी टी-20 लीग 2026 के मैच के चलते शुक्रवार को शहर की यातायात व्यवस्था बदली रहेगी। इकाना स्टेडियम में होने वाले मुकाबले को देखते हुए दोपहर 3 बजे से मैच खत्म होने तक शहीद पथ और आसपास के इलाकों में वाहनों के संचालन पर कई तरह की पाबंदियां रहेंगी। रोडवेज, प्राइवेट और सिटी बसों के साथ व्यावसायिक वाहनों के लिए डायवर्जन लागू किया गया है। मैच के दौरान शहीद पथ पर रोडवेज बस, प्राइवेट बस और छोटे-बड़े व्यावसायिक वाहन नहीं चल सकेंगे।
निजी कारों और किराये की टैक्सियों को इस प्रतिबंध से बाहर रखा गया है। सुल्तानपुर रोड से आने वाले वाहनों को अमूल तिराहे से डायवर्ट किया जाएगा, जबकि कैंट और अर्जुनगंज की ओर से आने वाले वाहन कटाई पुल की तरफ से निकाले जाएंगे।
Lucknow T20 Match
मैच के दौरान सिटी बसों का संचालन जारी रहेगा। हालांकि हुसड़िया से सुशांत गोल्फ सिटी के बीच शहीद पथ पर बसें यात्रियों को न तो उतारेंगी और न ही बैठाएंगी। बसों को सड़क के दाहिने हिस्से से संचालित किया जाएगा। मैच के दौरान शहीद पथ के साथ सर्विस रोड पर भी ऑटो और ई-रिक्शा का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। अर्जुनगंज की ओर से आने वाले ऑटो और ई-रिक्शा अहिमामऊ से बाएं मुड़कर पीएचक्यू, यूपी-112 और मातृत्व अस्पताल के पीछे वाली सड़क से जाएंगे। वहीं सुल्तानपुर रोड से आने वाले वाहन लूलू मॉल की तरफ मोड़े जाएंगे। अहिमामऊ के 500 मीटर के दायरे में यात्रियों को उतारने या बैठाने पर रोक रहेगी।
किए गए ड्रॉप प्वाइंट
ओला, उबर और अन्य टैक्सियों को भी शहीद पथ पर हुसड़िया से सुशांत गोल्फ सिटी के बीच यात्रियों को बैठाने या उतारने की अनुमति नहीं होगी। एयरपोर्ट की तरफ से आने वाले वाहन अहिमामऊ से पहले यात्रियों को उतारेंगे। अर्जुनगंज की ओर से आने वाले वाहन निर्धारित वैकल्पिक मार्ग से गोमतीनगर की तरफ जाएंगे। वाहन पास वाले दर्शक अहिमामऊ से एचसीएल की तरफ जाकर वाटर टैंक तिराहे और प्लासियों होते हुए निर्धारित पार्किंग में वाहन खड़ा करेंगे। बिना पास वाले वाहनों के लिए पहले प्लासियों मॉल की पार्किंग का इस्तेमाल कराया जाएगा। यहां जगह भरने के बाद वाटर टैंक तिराहे से एचसीएल के बीच पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
पार्किंग भी तय
दो पहिया वाहन अहिमामऊ से एचसीएल तिराहा होते हुए प्लासियों मॉल के पीछे निर्धारित स्थान पर पार्क किए जाएंगे। टिकट पर मौजूद क्यूआर कोड स्कैन करने पर दर्शकों को पार्किंग स्थल का मैप और जरूरी जानकारी मिल सकेगी। वीवीआईपी और वीआईपी के साथ आने वाले स्कोर्ट वाहनों के लिए भी अलग पार्किंग व्यवस्था की गई है।
Read More : Greater Aligarh में बनेगा 35 हजार दर्शकों की क्षमता वाला स्टेडियम, IPL जैसे मैच कराने की तैयारी





