MCU Bhopal : भोपाल स्थित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव कराने की मांग उठी है। पत्रकारिता विभाग के विद्यार्थी वैभव भट्ट ने विश्वविद्यालय के कुलगुरु को पत्र लिखकर छात्र संघ चुनाव आयोजित कराने की दिशा में सकारात्मक पहल करने का अनुरोध किया है। उन्होंने अपने पत्र में छात्र संघ चुनाव को विद्यार्थियों की लोकतांत्रिक भागीदारी से जोड़ते हुए इसके महत्व को सामने रखा है। वैभव भट्ट ने पत्र में कहा कि मध्य प्रदेश में करीब एक दशक के लंबे अंतराल के बाद न्यायालय के आदेश के बाद छात्र संघ चुनाव की संभावना बनी है।
इससे विद्यार्थियों के बीच लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सीधे भाग लेने की उम्मीद बढ़ी है। उनका कहना है कि लंबे समय तक चुनाव नहीं होने के कारण विद्यार्थियों की कई पीढ़ियां इस प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अनुभव हासिल नहीं कर सकीं।
MCU Bhopal
पत्र में वर्तमान Gen Z पीढ़ी की लोकतांत्रिक भागीदारी का भी उल्लेख किया गया है। वैभव भट्ट के अनुसार, विश्वविद्यालयों में युवाओं की बड़ी संख्या है, जो सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों पर सामाजिक व राजनीतिक मुद्दों पर अपनी राय रखते हैं। हालांकि, उनमें से बड़ी संख्या को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सीधे भाग लेने का अवसर नहीं मिला है। छात्र संघ चुनाव उन्हें मतदान के साथ नेतृत्व, संवाद, जवाबदेही और असहमति का सम्मान जैसे लोकतांत्रिक मूल्यों को व्यवहार में समझने का अवसर दे सकते हैं। विद्यार्थी ने कहा कि निर्वाचित छात्र संघ विश्वविद्यालय प्रशासन और विद्यार्थियों के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बन सकता है।
छात्र प्रतिनिधि शैक्षणिक गतिविधियों, छात्रावास, पुस्तकालय, खेल, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अन्य विद्यार्थी हितों से जुड़े मुद्दों को प्रशासन तक व्यवस्थित तरीके से पहुंचा सकते हैं। इससे विश्वविद्यालय में संवाद और सहभागिता की संस्कृति को बढ़ावा मिल सकता है।
चुनाव का अलग महत्व
वैभव भट्ट ने कहा कि माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय की पहचान पत्रकारिता और संचार शिक्षा के क्षेत्र में है। ऐसे में यहां छात्र संघ चुनाव विद्यार्थियों के लिए लोकतांत्रिक प्रक्रिया को व्यावहारिक रूप से समझने का माध्यम बन सकते हैं। चुनाव के दौरान जनसंपर्क, मीडिया कवरेज, सोशल मीडिया, चुनावी संवाद और निष्पक्ष पत्रकारिता जैसे विषयों को व्यवहारिक स्तर पर समझने का अवसर भी मिल सकता है।
समर्थन की मांग नहीं
पत्र में वैभव भट्ट ने स्पष्ट किया कि उनकी मांग किसी राजनीतिक संगठन या विचारधारा के समर्थन में नहीं है। उनका कहना है कि विद्यार्थियों को अपने प्रतिनिधि चुनने और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में प्रत्यक्ष रूप से हिस्सा लेने का अवसर मिलना चाहिए। चुनाव विश्वविद्यालय के निर्धारित नियमों, अनुशासन और आचार संहिता के तहत शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से कराए जा सकते हैं। वैभव भट्ट ने पत्र के माध्यम से कुलगुरु से छात्र संघ चुनाव कराने की दिशा में आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया है। उनका कहना है कि लोकतंत्र को समझने का सबसे प्रभावी तरीका उसमें भाग लेना है।
यदि विद्यार्थियों को प्रत्यक्ष लोकतांत्रिक प्रक्रिया में शामिल होने का अवसर मिलता है, तो इससे विश्वविद्यालय के साथ-साथ जिम्मेदार लोकतांत्रिक समाज के निर्माण में भी योगदान मिल सकता है।
Read More : Viral Video: पानी से लबालब सड़क पर मच्छरदानी लगाकर सोया युवक, वीडियो देखकर लोग बोले- ये कैसी ‘नींद’!





