Viral Video : बारिश के मौसम में जलभराव से परेशान लोगों के बीच एक युवक का अनोखा कारनामा सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। वायरल वीडियो में युवक पानी से भरी सड़क के बीच मच्छरदानी लगाकर आराम से सोता नजर आ रहा है। वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया गया है, जिसके बाद इसे बड़ी संख्या में लोग देख चुके हैं और अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
वीडियो में सड़क पर काफी पानी जमा दिखाई देता है। जहां आमतौर पर लोग जलभराव से बचते हुए निकलने की कोशिश करते हैं, वहीं युवक ने उसी जगह मच्छरदानी तानकर अपना बिस्तर लगा लिया। इसके बाद वह उसके अंदर आराम से लेट जाता है।
Viral Video
पूरा दृश्य ऐसा नजर आता है, जैसे युवक सड़क पर नहीं बल्कि अपने घर के कमरे में आराम कर रहा हो। वीडियो सामने आने के बाद कुछ यूजर्स ने युवक के इस अंदाज को मजेदार बताया। कई लोगों ने उसकी ‘क्रिएटिविटी’ पर चुटकी लेते हुए कहा कि बारिश में उसे अलग ही तरह का बेडरूम मिल गया। कुछ यूजर्स ने मच्छरों से बचने के इंतजाम की भी तारीफ की। हालांकि, कई लोगों ने इसे मनोरंजन नहीं बल्कि खतरनाक लापरवाही बताया।
छिपे हो सकते हैं बड़े खतरे
यूजर्स का कहना है कि सड़क पर जमा पानी के नीचे गड्ढे, खुले मैनहोल या अन्य खतरनाक चीजें छिपी हो सकती हैं। इसके अलावा जलभराव वाले इलाकों में बिजली के तार या करंट का खतरा भी हो सकता है। ऐसे में सड़क पर इस तरह लेटना गंभीर हादसे का कारण बन सकता है। कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए सुरक्षा को नजरअंदाज करने की प्रवृत्ति पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि ऐसे वीडियो देखकर दूसरे लोग भी इसकी नकल कर सकते हैं। इसलिए वायरल वीडियो भले ही मनोरंजन का जरिया हो, लेकिन किसी स्टंट या खतरनाक हरकत को दोहराने से पहले अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देना जरूरी है।




