UP Home Guard Recruitment 2026 : उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPBPB) ने होमगार्ड भर्ती 2026 की लिखित परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों के लिए अगले चरण की तारीखों का ऐलान कर दिया है। बोर्ड के अनुसार, दस्तावेज सत्यापन (DV) और शारीरिक मानक परीक्षण (PST) की प्रक्रिया 13 जुलाई से शुरू होकर 6 अगस्त 2026 तक चलेगी। सभी सफल अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि और केंद्र पर उपस्थित होना होगा।

बोर्ड ने बताया है कि डीवी और पीएसटी के लिए प्रवेश पत्र 6 जुलाई 2026 से आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे। अभ्यर्थी uppbpb.gov.in पर जाकर अपने लॉगिन विवरण के माध्यम से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि किसी भी उम्मीदवार को डाक के जरिए प्रवेश पत्र नहीं भेजा जाएगा।
UP Home Guard Recruitment 2026
डीवी के साथ ही अभ्यर्थियों का शारीरिक मानक परीक्षण भी किया जाएगा। सामान्य वर्ग के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम लंबाई 168 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है। उनका सीना बिना फुलाए 79 सेंटीमीटर और फुलाने पर 84 सेंटीमीटर होना चाहिए। अनुसूचित जनजाति वर्ग के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम लंबाई 160 सेंटीमीटर रखी गई है। उनके लिए सीने का माप बिना फुलाए 77 सेंटीमीटर और फुलाने पर 82 सेंटीमीटर निर्धारित किया गया है।
महिला अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम लंबाई 152 सेंटीमीटर अनिवार्य है, जबकि अनुसूचित जनजाति वर्ग की महिलाओं के लिए यह सीमा 147 सेंटीमीटर तय की गई है। इसके अलावा सभी महिला उम्मीदवारों का न्यूनतम वजन 40 किलोग्राम होना जरूरी होगा।
1 लाख से अधिक अभ्यर्थी सफल
इस भर्ती प्रक्रिया की लिखित परीक्षा में कुल 1,07,221 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए हैं। भर्ती अभियान के तहत उत्तर प्रदेश में कुल 41,424 होमगार्ड पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। नियमानुसार, रिक्त पदों के सापेक्ष लगभग ढाई गुना अभ्यर्थियों को डीवी और पीएसटी के लिए बुलाया गया है। दस्तावेज सत्यापन और शारीरिक मानक परीक्षण पूरा होने के बाद बोर्ड अंतिम चयन प्रक्रिया पूरी करेगा। सभी चरण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले अभ्यर्थियों की मेरिट के आधार पर अंतिम चयन सूची जारी की जाएगी, जिसके बाद चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति की प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।
Read More : India vs England T20I: संजू सैमसन को बाहर करने पर भड़के संजय मांजरेकर, बोले- ‘ये सबसे अजीब चयन होगा’




