Home » उत्तर प्रदेश » Noida में AC ब्लास्ट से 21वीं मंजिल पर लगी भीषण आग, मची अफरातफरी; आधे घंटे में पाया गया काबू

Noida में AC ब्लास्ट से 21वीं मंजिल पर लगी भीषण आग, मची अफरातफरी; आधे घंटे में पाया गया काबू

Noida Fire News : नोएडा के सेक्टर-119 स्थित अरण्य सोसाइटी में सोमवार सुबह एक बड़ा अग्निकांड होते-होते टल गया। करीब साढ़े आठ बजे 24 मंजिला टावर की 21वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में एसी में ब्लास्ट होने के बाद अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में आग की लपटें खिड़कियों से बाहर निकलने लगीं और पूरा फ्लोर घने धुएं से भर गया। घटना के बाद इमारत में अफरातफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए फ्लैट छोड़कर नीचे की ओर भागने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगते ही आसपास के फ्लैटों में रहने वाले लोग जोर-जोर से चिल्लाकर सभी को इमारत खाली करने की अपील करने लगे।

धुआं तेजी से पूरे फ्लोर में फैल गया, जिससे कई लोगों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। कुछ निवासियों ने शुरुआती स्तर पर पाइप और सोसाइटी के फायर सिस्टम की मदद से आग बुझाने की कोशिश भी की।

Noida Fire News

सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां, पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। हालांकि दमकल वाहनों का पानी केवल 13वीं मंजिल तक ही पहुंच पा रहा था। इसके बाद फायर कर्मियों ने इमारत के भीतर मौजूद अग्निशमन संसाधनों का इस्तेमाल करते हुए ऊपरी मंजिल तक पहुंचकर आग बुझाने का अभियान चलाया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।

फ्लैट पूरी तरह जला

मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि आग फ्लैट नंबर 2105 में लगी थी। हादसे के समय परिवार घर में मौजूद था, लेकिन सभी लोग समय रहते सुरक्षित बाहर निकल आए। आग को दूसरे फ्लैटों तक फैलने से रोक लिया गया, हालांकि जिस फ्लैट में आग लगी थी, उसका अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया। एहतियात के तौर पर पूरी इमारत को खाली करा दिया गया था।

दहशत की कहानी

एक महिला निवासी ने बताया कि धुआं उनके फ्लैट तक पहुंच गया था और दम घुटने जैसी स्थिति बन गई थी। बाद में मेंटेनेंस टीम और सुरक्षा कर्मचारियों ने उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं एक अन्य निवासी ने कहा कि फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले सोसाइटी की टीम ने काफी प्रयास किए, जिससे आग को फैलने से रोका जा सका। इस घटना ने एक बार फिर नोएडा की ऊंची इमारतों में अग्निशमन व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल दमकल विभाग के पास 30 से 42 मीटर तक पहुंचने वाले हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म हैं, जिनकी क्षमता लगभग 10 मंजिल तक आग बुझाने की है। विभाग ने बताया कि 72 और 102 मीटर क्षमता वाली नई हाइड्रोलिक मशीनें जल्द शामिल की जाएंगी, जिससे ऊंची इमारतों में ऐसी आपात स्थितियों से अधिक प्रभावी तरीके से निपटा जा सके।

Read More : UP में मानसून की दस्तक के संकेत, 15 जिलों में तेज बारिश; 24 घंटे में एंट्री की संभावना

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?