Home » उत्तर प्रदेश » UP में मानसून की दस्तक के संकेत, 15 जिलों में तेज बारिश; 24 घंटे में एंट्री की संभावना

UP में मानसून की दस्तक के संकेत, 15 जिलों में तेज बारिश; 24 घंटे में एंट्री की संभावना

UP Weather Update : सोमवार तड़के लखनऊ, अयोध्या, गोंडा, गोरखपुर, बदायूं, महराजगंज, देवरिया, कुशीनगर और सिद्धार्थनगर समेत करीब 15 जिलों में तेज बारिश हुई। बारिश और ठंडी हवाओं से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली। सुबह से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहे, जबकि कुछ जगहों पर हल्की धूप भी निकली।

मिर्जापुर में तेज बारिश के कारण एक अंडरपास में करीब तीन फीट तक पानी भर गया, जिससे कई कारें और बाइक बीच रास्ते में फंस गईं। वहीं बस्ती और महराजगंज में आकाशीय बिजली गिरने की अलग-अलग घटनाओं में एक महिला और नौ वर्षीय बच्चे की मौत हो गई।

UP Weather Update

मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के 46 जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। इसके साथ ही 26 जिलों में हीटवेव का अलर्ट भी लागू है। विभाग का कहना है कि अलग-अलग हिस्सों में मौसम की स्थिति तेजी से बदल रही है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून पिछले करीब 16 दिनों से उत्तर प्रदेश-बिहार सीमा के आसपास रुका हुआ था, लेकिन अब इसके आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन गई हैं। अगले 24 घंटे में मानसून पूर्वी उत्तर प्रदेश के रास्ते प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। इसके चलते कुशीनगर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर और तराई के अन्य इलाकों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है।

30 जून से शुरू होगा बारिश

लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसून से पहले मौसम में आई हलचल के कारण तापमान में गिरावट शुरू हो गई है। लू का असर अब सीमित क्षेत्रों तक रह गया है और अगले 24 घंटे में इससे पूरी तरह राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि 30 जून से प्रदेश में बारिश का नया दौर शुरू होगा, जबकि जुलाई के पहले सप्ताह तक तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आ सकती है।

अगले तीन दिनों का मौसम पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार 30 जून को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की बारिश, जबकि पूर्वी हिस्से में गरज-चमक के साथ तेज वर्षा होने की संभावना है। 1 जुलाई को पश्चिमी जिलों में बारिश और पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी वर्षा के आसार हैं। वहीं 2 जुलाई को पूरे प्रदेश में व्यापक बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।

कानपुर में सुबह बादल छाए रहे, हालांकि दिन चढ़ने के साथ धूप निकल आई और तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना जताई गई। बदायूं में तेज बारिश और आंधी से लोगों को गर्मी से राहत मिली, जबकि किसानों ने इसे खरीफ फसलों के लिए फायदेमंद बताया। लखनऊ में तड़के हुई बारिश और तेज हवाओं से मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी में दिनभर रुक-रुककर हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है।

Read More : Mathura में ज्येष्ठ पूर्णिमा पर ठाकुर द्वारकाधीश मंदिर में हुआ भव्य ज्येष्ठाभिषेक, यमुना जल से हुआ विशेष अभिषेक

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?