Home » उत्तर प्रदेश » LPG Tanker Blast: कौशांबी टोल प्लाजा पर भीषण धमाका, 5 कर्मचारी गंभीर रूप से झुलसे; 16 बाइक और 2 कारें जलकर राख

LPG Tanker Blast: कौशांबी टोल प्लाजा पर भीषण धमाका, 5 कर्मचारी गंभीर रूप से झुलसे; 16 बाइक और 2 कारें जलकर राख

LPG Tanker Blast : उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। कोखराज थाना क्षेत्र स्थित सिहोरी टोल प्लाजा पर एक एलपीजी टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर टोल बूथ से जा टकराया। टक्कर के कुछ ही पल बाद टैंकर से गैस का रिसाव शुरू हुआ और देखते ही देखते तेज धमाके के साथ आग भड़क उठी। आग की लपटों ने पूरे टोल परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टैंकर कानपुर से प्रतापगढ़ की ओर जा रहा था।

रास्ते में ओवरटेक करने के प्रयास के दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। करीब 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहा टैंकर पहले डिवाइडर से टकराया और फिर पलटते हुए टोल प्लाजा से जा भिड़ा। हादसे के तुरंत बाद चालक और परिचालक वाहन से कूदकर बाहर निकल आए, जिससे उनकी जान बच गई।

LPG Tanker Blast

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विस्फोट इतना तेज था कि आसपास के लोग दहशत में आ गए। आग की ऊंची लपटें और धुएं का घना गुबार करीब दो किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि शुरुआती समय में कोई भी टैंकर के नजदीक जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। सुरक्षा के लिए टोल प्लाजा के दोनों ओर यातायात रोक दिया गया, जिससे लंबा जाम लग गया। इस हादसे में कुल सात लोग घायल हुए। इनमें पांच टोल कर्मचारियों की हालत गंभीर बताई गई, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद प्रयागराज रेफर किया गया। दो अन्य घायलों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। टोल परिसर में मौजूद सुपरवाइजर आलोक पांडे भी आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए।

वाहनों को भी भारी नुकसान

टोल कर्मचारी संजय निर्मल ने बताया कि हादसे से कुछ देर पहले हल्की बारिश हुई थी। टक्कर के बाद गैस तेजी से फैलने लगी और कुछ ही क्षणों में आग ने पूरे परिसर को घेर लिया। आग की चपेट में आकर टोल यार्ड में खड़ी 16 मोटरसाइकिलें और दो कारें पूरी तरह जलकर राख हो गईं। इससे टोल परिसर में भारी नुकसान हुआ। पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि शुरुआती जांच में गैस रिसाव के बाद विस्फोट होने की बात सामने आई है। घटना के कारणों की तकनीकी जांच के लिए जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) और विशेषज्ञों की टीम को मौके पर बुलाया गया है।

सूचना मिलते ही जिले की सभी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंच गया। कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। फिलहाल यातायात धीरे-धीरे सामान्य किया जा रहा है, जबकि हादसे की विस्तृत जांच जारी है।

Read More : UP News: कई स्पेशल ट्रेनों के बढ़े फेरे, कानपुर-एलटीटी और झांसी-हडपसर सेवाएं सितंबर तक चलेंगी

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?