Amarnath Yatra 2026 : जम्मू-कश्मीर स्थित पवित्र अमरनाथ धाम की वार्षिक यात्रा 3 जुलाई से शुरू होने जा रही है। इस अवसर पर भगवान राधा-कृष्ण की नगरी वृंदावन से भी श्रद्धालुओं की सेवा के लिए विशेष तैयारियां की गई हैं। यात्रा मार्ग पर लगने वाले लंगर के लिए खाद्य सामग्री से भरा एक ट्रक बुधवार शाम वृंदावन से रवाना किया गया। इस सामग्री का उपयोग अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को भोजन उपलब्ध कराने में किया जाएगा। वृंदावन के श्रद्धालु पिछले 14 वर्षों से अमरनाथ यात्रा मार्ग के रामबन क्षेत्र में लंगर सेवा का संचालन कर रहे हैं।
इस वर्ष भी लगभग 40 दिनों तक चलने वाले भंडारे की तैयारियां कई सप्ताह पहले शुरू कर दी गई थीं। बीते 15 दिनों से श्रद्धालुओं और समाजसेवियों के सहयोग से आवश्यक खाद्य सामग्री एकत्र की जा रही थी, जिसे अब ट्रक के माध्यम से यात्रा मार्ग पर भेज दिया गया है।
Amarnath Yatra 2026
लंगर सेवा के लिए वृंदावन के लोगों ने उत्साहपूर्वक योगदान दिया। किसी ने राशन उपलब्ध कराया तो किसी ने अन्य आवश्यक सामग्री देकर इस धार्मिक सेवा में भागीदारी निभाई। आयोजकों के अनुसार, समाज के विभिन्न वर्गों के सहयोग से ही हर वर्ष यह सेवा अभियान सफलतापूर्वक संचालित हो पाता है और हजारों यात्रियों को इसका लाभ मिलता है। खाद्य सामग्री से भरे ट्रक को रवाना करने से पहले धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच ट्रक का विधिवत पूजन किया गया और यात्रा की सफलता के लिए प्रार्थना की गई। इस अवसर पर कई सामाजिक, धार्मिक और प्रशासनिक क्षेत्र से जुड़े लोग मौजूद रहे। सभी ने मिलकर सेवा कार्य की सराहना की और इसे पुण्य का कार्य बताया।
मां अन्नपूर्णा और भगवान शिव की महाआरती
पूजन कार्यक्रम के बाद मां अन्नपूर्णा और भगवान शिव की महाआरती का आयोजन किया गया। आरती के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में डूब गया। श्रद्धालुओं ने भोलेनाथ के जयकारों के साथ आरती में भाग लिया और अमरनाथ यात्रा के सफल एवं सुरक्षित संचालन की कामना की। शिव भक्ति और सेवा भावना का यह संगम उपस्थित लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना रहा।
इस वर्ष लगेगा 15वां लंगर
आयोजकों के अनुसार, इस बार अमरनाथ यात्रा में वृंदावनवासियों द्वारा लगाया जाने वाला भंडारा 15वां लंगर होगा। यात्रा शुरू होते ही 3 जुलाई से यह सेवा श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध हो जाएगी। लंगर में प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों को निःशुल्क भोजन कराया जाएगा। वृंदावन के भक्तों का कहना है कि बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य और आध्यात्मिक संतोष का विषय है।




