Home » उत्तर प्रदेश » UP में मानसून की रफ्तार थमी, गर्मी और लू का प्रकोप बढ़ा; एक हफ्ते और करना पड़ सकता है इंतजार

UP में मानसून की रफ्तार थमी, गर्मी और लू का प्रकोप बढ़ा; एक हफ्ते और करना पड़ सकता है इंतजार

UP Monsoon Update : उत्तर प्रदेश में मानसून का इंतजार लगातार लंबा होता जा रहा है। सामान्य तौर पर 20 जून तक प्रदेश में दस्तक देने वाला मानसून इस बार यूपी-बिहार सीमा के पास पहुंचकर ठहर गया है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले करीब 15 दिनों से मानसून महराजगंज क्षेत्र के आसपास सक्रिय है, लेकिन आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां नहीं बन पा रही हैं। इसके चलते प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तेज गर्मी और उमस का दौर जारी है। मंगलवार सुबह से ही प्रदेश के ज्यादातर शहरों में तेज धूप देखने को मिली। गर्म हवाओं और बढ़ती नमी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।

मौसम विभाग ने 38 जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। बीते 24 घंटों में प्रयागराज 43.3 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर दर्ज किया गया। वहीं लखनऊ, वाराणसी और पूर्वांचल के कई जिलों में भी तापमान सामान्य से काफी अधिक बना हुआ है।

UP Monsoon Update

गोरखपुर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, मऊ, गाजीपुर और बलिया समेत कुछ जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई, लेकिन इससे गर्मी से कोई खास राहत नहीं मिली। बस्ती में आंधी और बारिश के कारण पेड़ तथा बिजली के पोल गिरने की घटनाएं भी सामने आईं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि छिटपुट बारिश के बावजूद प्रदेश के बड़े हिस्से में शुष्क मौसम बना रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में भीषण गर्मी का असर बना रह सकता है। 24 जून को पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में हल्की बारिश की संभावना है, जबकि पूर्वी हिस्सों में लू जारी रहेगी।

25 और 26 जून को मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा तथा तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। 27 और 28 जून को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं।

मानसून को लेकर क्या है उम्मीद

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दक्षिण-पश्चिम मानसून दक्षिण और मध्य भारत के कई हिस्सों में आगे बढ़ चुका है। अगले 48 घंटों में इसकी रफ्तार तेज होने की संभावना है। यदि मौसमीय परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो 28 से 29 जून के बीच मानसून उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। इसके बाद प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने की उम्मीद है। फिलहाल लोगों को सावधानी बरतने, दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है।

Read More : Lucknow Fire Tragedy: अलीगंज की इमारत में भीषण आग, 15 लोगों की मौत; CM योगी दौरा छोड़ लौटे वापस

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?