Noida Police Action : नोएडा में जनता की शिकायतों को लेकर पुलिस प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सेक्टर-52 स्थित फोनरवा कार्यालय में आयोजित जनसंवाद गोष्ठी के दौरान विभिन्न सेक्टरों और सोसाइटियों से जुड़े प्रतिनिधियों ने कानून व्यवस्था, यातायात, सुरक्षा और स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। शिकायतों की समीक्षा के बाद पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में सामने आई शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सेक्टर-110 चौकी प्रभारी को निलंबित कर दिया गया।
थाना सेक्टर-49 के प्रभारी को लाइन हाजिर किए जाने का आदेश दिया गया। इसके अलावा थाना फेस-2, सेक्टर-24 और सेक्टर-58 के प्रभारियों को चेतावनी जारी करते हुए कार्यशैली में सुधार लाने के निर्देश दिए गए। पुलिस कमिश्नर ने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं की अनदेखी करने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।
Noida Police Action
जनसंवाद के दौरान शहर में बढ़ती यातायात समस्याओं का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। इस पर पुलिस कमिश्नर ने निर्देश दिए कि जिन इलाकों में नियमित रूप से जाम की स्थिति बनती है, वहां अतिरिक्त यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर प्रभावी योजना तैयार करने को कहा गया। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए किरायेदारों और पीजी में रहने वाले लोगों के सत्यापन पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस कमिश्नर ने मकान मालिकों को निर्देश दिया कि वे सभी किरायेदारों का अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराएं। इसके अलावा बिना सत्यापन के रहने वालों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।
CCTV और गश्त बढ़ाने पर जोर
शहर के संवेदनशील और सुनसान क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ाने के लिए पुलिस अधिकारियों को नियमित गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। जहां जरूरत महसूस होगी वहां अतिरिक्त CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही सड़कों पर खड़े लावारिस वाहनों की जांच और सत्यापन अभियान भी तेज किया जाएगा। बैठक में एक नई पहल की भी घोषणा की गई। इसके तहत पुलिस अधिकारियों को फोनरवा पदाधिकारियों के साथ मिलकर एक-एक पार्क गोद लेने की जिम्मेदारी दी जाएगी। उद्देश्य यह है कि पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा सके तथा वहां नियमित निगरानी सुनिश्चित हो।
अब तय समय पर होंगी बैठकें
पुलिस और नागरिकों के बीच बेहतर संवाद बनाए रखने के लिए नियमित समीक्षा व्यवस्था लागू करने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत प्रत्येक डीसीपी महीने में एक बार आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। थाना प्रभारी हर 15 दिन में क्षेत्रीय समस्याओं की समीक्षा करेंगे, जबकि चौकी प्रभारी साप्ताहिक स्तर पर स्थानीय पदाधिकारियों के साथ संवाद स्थापित करेंगे। बैठक के अंत में पुलिस कमिश्नर ने कहा कि सुरक्षित और व्यवस्थित शहर के निर्माण में पुलिस और जनता दोनों की समान भूमिका है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और संवेदनशीलता बनाए रखें तथा किसी भी समस्या का समाधान तय समयसीमा में सुनिश्चित करें।
Read More : Delhi Action: रविवार को भी चला बुलडोजर, अवैध निर्माण पर MCD का बड़ा अभियान




