Vrindavan : वृंदावन में ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन को आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। लंबे समय से जिस मल्टीलेवल कार पार्किंग के संचालन का इंतजार किया जा रहा था, अब वह जल्द शुरू होने जा रही है। पार्किंग तक पहुंच के रास्ते को लेकर चला आ रहा विवाद आखिरकार सुलझा लिया गया है, जिससे मंदिर क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार होने की उम्मीद है।
स्मार्ट सिटी योजना के तहत नगर निगम ने वृंदावन क्षेत्र में दारुक पार्किंग के पीछे करीब 40 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक मल्टीलेवल कार पार्किंग का निर्माण कराया था। निर्माण पूरा होने के बावजूद यह पार्किंग शुरू नहीं हो सकी थी। वजह थी पार्किंग तक पहुंचने वाले मार्ग की भूमि को लेकर उठा विवाद, जिसने पूरे प्रोजेक्ट को ठप कर दिया था।
Vrindavan आने वाले श्रद्धालुओं को राहत
मामले की गंभीरता को देखते हुए नगर आयुक्त ने खुद मोर्चा संभाला। उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थल का निरीक्षण किया और संबंधित विभागों के साथ चर्चा कर विवाद का समाधान कराया। इसके साथ ही पार्किंग तक पहुंच के लिए वैकल्पिक मार्ग भी तैयार कर लिया गया है, जिससे अब किसी तरह की कानूनी या प्रशासनिक अड़चन नहीं रहेगी। नगर आयुक्त जग प्रवेश ने अपर नगर आयुक्त चंद्रप्रकाश पाठक के साथ मल्टीलेवल पार्किंग का निरीक्षण किया। इस दौरान पार्किंग के संचालन, वाहन आवागमन, सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक मैनेजमेंट को लेकर विस्तृत जानकारी ली गई। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्किंग को जल्द से जल्द जनता के लिए खोलने की सभी तैयारियां पूरी की जाएं।
सुविधाओं पर रहेगा फोकस
निरीक्षण के दौरान यह भी साफ किया गया कि पार्किंग शुरू होने के बाद आसपास की सड़कों पर जाम न लगे, इसके लिए विशेष यातायात योजना लागू की जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग में संकेतक बोर्ड, सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक बुनियादी सुविधाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी। पार्किंग निरीक्षण के बाद नगर आयुक्त ने मायावती हेलीपैड ट्रांसफर स्टेशन के पीछे स्थित नगर निगम की खाली भूमि का भी जायजा लिया। इस दौरान भूमि के भविष्य में संभावित उपयोग और विकास को लेकर अधिकारियों से चर्चा की गई। संकेत हैं कि आने वाले समय में यहां भी जनसुविधा से जुड़े प्रोजेक्ट शुरू किए जा सकते हैं।
दर्शन व्यवस्था में आएगा बड़ा बदलाव
मल्टीलेवल पार्किंग के शुरू होने से बांकेबिहारी मंदिर क्षेत्र में अव्यवस्थित पार्किंग, जाम और अव्यवस्था से काफी हद तक राहत मिलेगी। स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी इसका सीधा लाभ मिलेगा। नगर निगम का दावा है कि यह पार्किंग वृंदावन की यातायात व्यवस्था को नई दिशा देगी।





