Weather Update : देश के कई हिस्सों में मौसम के अचानक बदले मिजाज ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी है। अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल के गंगा किनारे वाले इलाके, सिक्किम और पूर्वोत्तर राज्यों में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस से नीचे आ गया है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है। उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम ने तेजी से करवट ली है।

पहाड़ी इलाकों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक तेज आंधी, गरज-चमक और बारिश देखने को मिली। कई जगहों पर धूल भरी आंधी चली तो कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि भी हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
Weather Update
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में आंधी-तूफान के साथ अच्छी बारिश हुई है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में 11 से 20 सेंटीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई। वहीं, कई जगहों पर 60 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं। इसके अलावा उत्तराखंड, झारखंड, मध्य प्रदेश और तेलंगाना में ओले गिरने की भी खबर है। हालांकि, देश के सभी हिस्सों में राहत नहीं मिली है।
Thunderstorm & Lightning Warning
Valid for next 06 HrsIntense convection is observed over East Uttar Pradesh, Bihar, Jharkhand and North Chhattisgarh with severe thunderstorm activity accompanied by GUSTY WINDS and HAIL. These convective cells are moving towards GWB.
Moderate… pic.twitter.com/I59YaTOiQk
— India Meteorological Department (@Indiametdept) May 4, 2026
विदर्भ, तटीय आंध्र प्रदेश, मध्य महाराष्ट्र और राजस्थान के कुछ हिस्सों में तापमान अभी भी 36 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। तेलंगाना के आदिलाबाद में सबसे ज्यादा 45.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो गर्मी की गंभीर स्थिति को दर्शाता है।
कई राज्यों में आज भी अलर्ट
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए भी अलर्ट जारी किया है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। साथ ही 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और बिहार में भी मंगलवार को बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है। दिल्ली-एनसीआर के गाजियाबाद, नोएडा और हापुड़ जैसे इलाकों में तेज आंधी, बिजली कड़कने और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है।
फसलों पर पड़ सकता है असर
मौसम में आए इस बदलाव से जहां एक तरफ लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर किसानों की चिंता बढ़ गई है। तेज हवाएं, बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है, जिससे कृषि क्षेत्र पर असर पड़ सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर खुले इलाकों में जाने से बचने, बिजली गिरने के दौरान सुरक्षित स्थान पर रहने और किसानों को फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है। आने वाले कुछ दिन मौसम के लिहाज से संवेदनशील बने रह सकते हैं।
Read More : Weather Update: देशभर में बदला मौसम का मिजाज, आंधी-बारिश से राहत; कई इलाकों में अब भी लू का कहर





