Tamil Nadu News : तमिलनाडु की राजनीति में रविवार का दिन ऐतिहासिक बन गया, जब तमिलगा वेट्री कझगम (टीवीके) के प्रमुख सी. जोसेफ विजय ने राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित समारोह में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस मौके पर हजारों समर्थकों की मौजूदगी ने पूरे माहौल को उत्साह से भर दिया। विजय के साथ नौ मंत्रियों ने भी शपथ ली, जिससे राज्य में नई सरकार का औपचारिक गठन हो गया।
तमिलनाडु की राजनीति में पिछले करीब छह दशकों से डीएमके और एआईएडीएमके का दबदबा रहा था, लेकिन इस चुनाव में टीवीके ने दोनों दिग्गज दलों को पीछे छोड़ दिया।
Tamil Nadu में बदला सियासत का इतिहास
अभिनेता से नेता बने विजय ने अपनी लोकप्रियता को राजनीतिक ताकत में बदलते हुए 234 सदस्यीय विधानसभा में 108 सीटों पर जीत हासिल की। हालांकि शुरुआती नतीजों में पार्टी बहुमत से पीछे रह गई थी, लेकिन बाद में सहयोगी दलों के समर्थन से सरकार बनाने का रास्ता साफ हो गया। सरकार गठन को लेकर कई दिनों तक राजनीतिक हलचल जारी रही। कांग्रेस, सीपीआई, सीपीएम और विदुथलाई चिरुथैगल काची (VCK) समेत कई दलों ने विजय को समर्थन दिया। इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग ने भी बिना शर्त समर्थन का ऐलान किया। इन सहयोगियों के साथ टीवीके बहुमत के आंकड़े तक पहुंचने में सफल रही। हालांकि विजय को अपनी दो सीटों में से एक छोड़नी होगी, जिससे आंकड़ा थोड़ा कम हुआ, लेकिन समर्थन के दम पर सरकार का गठन संभव हो गया।
मंत्रिमंडल में अनुभव और युवाओं का संतुलन
विजय के मंत्रिमंडल में राजनीतिक अनुभव और नए चेहरों का संतुलन देखने को मिला। एआईएडीएमके के वरिष्ठ नेता के.ए. सेंगोट्टैयन को कैबिनेट में शामिल कर विजय ने बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। इसके अलावा आधव अर्जुन, सीटीआर निर्मल कुमार, ‘बुस्सी’ आनंद, राजमोहन और पूर्व आईआरएस अधिकारी अरुणराज जैसे चेहरों को भी जिम्मेदारी दी गई। सबसे ज्यादा चर्चा 28 वर्षीय एस. कीर्तना की रही, जो कैबिनेट की सबसे युवा मंत्री बनीं।
शपथ समारोह में दिखी बड़ी राजनीतिक मौजूदगी
शपथ ग्रहण समारोह में कई बड़े राजनीतिक और फिल्मी चेहरे मौजूद रहे। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी कार्यक्रम में पहुंचे। विजय के माता-पिता और अभिनेत्री तृषा कृष्णन समेत तमिल फिल्म जगत की कई हस्तियां समारोह का हिस्सा बनीं। समारोह के दौरान विजय के समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला और स्टेडियम टीवीके के झंडों और नारों से गूंज उठा।
चेन्नई: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के चीफ सी जोसेफ विजय ने कहा, “मुझे नहीं पता कि इस इमोशनल पल में कैसे शुरू करूं या क्या कहूं। मैं किसी राजकुमार के परिवार से नहीं आया हूं। मैं आपके बीच से आपके परिवार के सदस्य की तरह, आपके भाई की तरह आया हूं। आपने मुझे… pic.twitter.com/5nVnhCC0tw
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 10, 2026
विजय बोले- अब नई राजनीति की शुरुआत
मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय ने अपने संबोधन में कहा कि तमिलनाडु अब नई राजनीतिक दिशा में आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार सामाजिक न्याय, धर्मनिरपेक्षता और पारदर्शिता को प्राथमिकता देगी। विजय ने बच्चों और युवाओं का विशेष रूप से धन्यवाद करते हुए कहा कि उनकी पार्टी की जीत में युवाओं की सबसे बड़ी भूमिका रही। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार में किसी दूसरे शक्ति केंद्र की जगह नहीं होगी और फैसले सीधे जनता के हित में लिए जाएंगे।
13 मई तक साबित करना होगा बहुमत
राज्यपाल ने विजय सरकार को 13 मई तक विधानसभा में बहुमत साबित करने का निर्देश दिया है। ऐसे में अब सबकी नजर फ्लोर टेस्ट पर टिकी हुई है। हालांकि सहयोगी दलों के समर्थन के बाद सरकार को लेकर स्थिति काफी मजबूत मानी जा रही है। तमिलनाडु की राजनीति में यह बदलाव सिर्फ सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि एक नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत माना जा रहा है।





