Puducherry Elections : पुडुचेरी विधानसभा चुनाव के दौरान एक अलग ही दृश्य देखने को मिला। यहां एक पोलिंग स्टेशन पर ‘नीला’ नाम का रोबोट साड़ी पहनकर वोट डालने आए लोगों का स्वागत करता नजर आया। यह अनोखी पहल लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गई और मतदाताओं ने भी इसे काफी दिलचस्प पाया। यह खास रोबोट पुडुचेरी के VOC सरकारी स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर तैनात किया गया था।
जैसे ही मतदाता वहां पहुंचे, रोबोट ने उनका स्वागत किया और उन्हें दिशा-निर्देश भी दिए। इसकी वजह से यह पोलिंग स्टेशन बाकी केंद्रों से अलग नजर आया और लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचने में सफल रहा।
Puducherry Elections
‘नीला’ रोबोट को एक इवेंट-बेस्ड इंटरैक्टिव मशीन के तौर पर तैयार किया गया है। इसका मकसद सिर्फ लोगों का स्वागत करना ही नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर उनकी मदद करना भी है। चुनाव जैसे बड़े आयोजन में इस तरह की तकनीक का इस्तेमाल पहली बार देखने को मिला। इस रोबोट को तैयार करने वाली टीम के सदस्य कौशिक ने बताया कि ‘नीला’ कई तरह के आयोजनों में इस्तेमाल किया जा सकता है। इसमें वॉइस फीचर दिया गया है, जिससे यह खुद बोल सकता है और लोगों से बातचीत भी कर सकता है। इसमें पहले से कमांड सेट की जा सकती है, जिससे यह अलग-अलग परिस्थितियों में काम कर सके।
दो भाषाओं में करता है बातचीत
‘नीला’ की एक खास बात यह भी है कि यह अंग्रेजी और तमिल दोनों भाषाओं में बात कर सकता है। इससे स्थानीय मतदाताओं को समझने में आसानी हुई और लोगों को एक नया अनुभव मिला। रोबोट की आवाज और उसके हाव-भाव ने वहां मौजूद लोगों को काफी आकर्षित किया। इस पहल ने यह दिखाया कि चुनाव प्रक्रिया में अब तकनीक का दायरा लगातार बढ़ रहा है। इससे न सिर्फ मतदाताओं का अनुभव बेहतर होता है, बल्कि व्यवस्था को भी ज्यादा सुचारु बनाने में मदद मिलती है। आने वाले समय में इस तरह के प्रयोग और भी देखने को मिल सकते हैं।
तीनों राज्यों में जारी है मतदान
इस बीच पुडुचेरी के साथ-साथ केरल और असम में भी विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। सुबह से ही लोगों में उत्साह देखा जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लोगों से अपील की है कि वे ज्यादा से ज्यादा संख्या में मतदान कर लोकतंत्र को मजबूत बनाएं।
Read ,More : Assembly Elections 2026: तीन महत्वपूर्ण राज्यों-केंद्रशासित प्रदेशों में मतदान जारी, अबतक इतनी हुई वोटिंग




