DC vs GT : आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स और गुजरात टाइटंस के बीच खेला गया मुकाबला आखिरी गेंद तक सांसें थाम देने वाला रहा। दिल्ली को जीत के लिए अंतिम दो गेंदों पर सिर्फ 2 रन चाहिए थे और स्ट्राइक पर डेविड मिलर मौजूद थे। हर किसी को उम्मीद थी कि मैच आसानी से टाई या जीत में बदल जाएगा, लेकिन आखिरी पलों में खेल पूरी तरह पलट गया। 20वें ओवर की पांचवीं गेंद पर दिल्ली को 2 रन चाहिए थे।
इस मौके पर मिलर के पास सिंगल लेकर स्कोर बराबर करने का मौका था, लेकिन उन्होंने रन लेने से मना कर दिया। उनका फैसला टीम के लिए भारी पड़ गया। अगली ही गेंद पर कुलदीप यादव रन आउट हो गए और दिल्ली कैपिटल्स को 1 रन से हार का सामना करना पड़ा।
DC vs GT
इस रोमांचक जीत के साथ गुजरात टाइटंस ने सीजन में अपनी पहली जीत दर्ज की। टीम के खिलाड़ी इस जीत के बाद काफी उत्साहित नजर आए। खासकर कप्तान शुभमन गिल ने राहत की सांस ली और मैच के बाद अपनी खुशी जाहिर की। मैच के बाद प्रेजेंटेशन में शुभमन गिल ने कहा कि उनकी टीम के सभी मुकाबले अब तक आखिरी ओवर तक गए हैं। उन्होंने कहा कि इस बार जीत की रेखा पार करना काफी संतोष देने वाला है। गिल के मुताबिक, आखिरी ओवर में ही उन्हें लग गया था कि टीम के पास मैच जीतने का मौका है।
रणनीति का खुलासा
गिल ने बताया कि आखिरी गेंद से पहले उनकी और गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा के बीच अहम बातचीत हुई थी। उन्होंने कहा कि वे इस बात पर चर्चा कर रहे थे कि यॉर्कर डाली जाए या स्लोअर बॉल। आखिर में पिच की स्थिति को देखते हुए स्लोअर बॉल डालने का फैसला लिया गया, जो टीम के लिए सही साबित हुआ। गिल ने कहा कि ऐसे करीबी मुकाबलों में फील्डिंग बहुत बड़ा फर्क पैदा करती है। उन्होंने माना कि कुछ ओवरथ्रो और छोटी गलतियों से रन जरूर गए, लेकिन टीम की फील्डिंग ने जीत में अहम भूमिका निभाई। उनके अनुसार, 5-6 रन भी ऐसे मैच में बहुत मायने रखते हैं।
210 रन का स्कोर था मजबूत
गुजरात टाइटंस ने इस मैच में 210 रन बनाए थे, जिसे गिल ने अच्छा स्कोर बताया। उन्होंने कहा कि पिच धीमी थी और बड़े शॉट लगाना आसान नहीं था। टीम को विश्वास था कि यह स्कोर औसत से 10-15 रन ज्यादा है और अगर गेंदबाजी सही रही तो जीत मिल सकती है। मैच जीतने के बाद गिल ने हल्के अंदाज में कहा कि अब उन्हें बस आराम की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इतनी टेंशन भरे मुकाबले के बाद अब नींद जरूरी है और सुबह उठकर ही पता चलेगा कि कैसा महसूस हो रहा है। इस जीत ने गुजरात के आत्मविश्वास को जरूर बढ़ाया है।
Read More : IPL 2026: डबल हेडर में दिल्ली-राजस्थान की जीत, पॉइंट्स टेबल में बड़ा उलटफेर




