Kanpur News : कानपुर में अब ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अत्याधुनिक मोबाइल मेडिकल वैन की शुरुआत की गई है। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) की इस मोबाइल मेडिकल वैन का गुरुवार को उपमुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक ने लोकार्पण किया। वैन गोल्डी समूह की ओर से विश्वविद्यालय को उपलब्ध कराई गई है। मोबाइल मेडिकल वैन में ग्रामीणों को कई जरूरी स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं मिलेंगी।
इसमें सीबीसी, हीमोग्लोबिन, टीएलसी, डीएलसी, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर और ईसीजी की जांच की जा सकेगी। इसके अलावा लोगों की आंखों की जांच, वजन और लंबाई मापने की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। वैन को वातानुकूलित और आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से सुसज्जित किया गया है।
Kanpur में गांव-गांव पहुंचेगी वैन
विश्वविद्यालय की चिकित्सकीय टीम इस मोबाइल वैन के जरिए गांवों तक पहुंचेगी। टीम ग्रामीणों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी लेने के साथ जरूरी जांच करेगी। स्वास्थ्य सर्वेक्षण के जरिए बीमारियों की शुरुआती पहचान करने और जरूरत के अनुसार चिकित्सकीय परामर्श देने पर भी जोर रहेगा। पूरी गतिविधि डॉ. अनुराग मिश्रा की देखरेख में संचालित की जाएगी।
मिलेगा व्यावहारिक प्रशिक्षण
इस पहल से हेल्थ साइंस के विद्यार्थियों को भी ग्रामीण क्षेत्रों में काम करने और मरीजों की जांच का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा। इससे उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी जरूरतों को समझने का अवसर मिलेगा। मोबाइल मेडिकल वैन के लोकार्पण कार्यक्रम में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व एचआरडी मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, सीएसजेएमयू के कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक, गोल्डी मसाले समूह के निदेशक आकाश गोयनका और सुदीप गोयनका तथा विधायक सुरेंद्र मैथानी मौजूद रहे।
Read More : CM Yogi ने राम मंदिर आंदोलन को किया याद, इतिहास से सीख लेने की कही बात




