Lt Gen Dheeraj Seth Next Army Chief : केंद्र सरकार ने शनिवार को लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ को देश का अगला आर्मी चीफ नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है। वे मौजूदा सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल 30 जून को समाप्त हो रहा है। उसी दिन सेठ भारतीय सेना के 31वें थलसेना प्रमुख के रूप में पदभार ग्रहण करेंगे।
लेफ्टिनेंट जनरल धीरज सेठ फिलहाल भारतीय सेना में उप सेना प्रमुख (Vice Chief of Army Staff) के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने 1 अप्रैल को यह जिम्मेदारी संभाली थी। उप सेना प्रमुख के रूप में वे सेना के संचालन, रणनीतिक तैयारियों और आधुनिकीकरण से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
Lt Gen Dheeraj Seth Next Army Chief
दिसंबर 1986 में आर्मर्ड कोर में कमीशन प्राप्त करने वाले धीरज सेठ को भारतीय सेना में लगभग 40 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान उन्होंने जम्मू-कश्मीर, पश्चिमी सीमा और रेगिस्तानी क्षेत्रों जैसे कई संवेदनशील इलाकों में अहम जिम्मेदारियां निभाई हैं। उनका सैन्य करियर ऑपरेशनल कमांड और रणनीतिक नेतृत्व के लिए जाना जाता है। अपने करियर में उन्होंने दक्षिण-पश्चिमी कमान और दक्षिणी कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ (GOC-in-C) के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली है। वे उन चुनिंदा वरिष्ठ अधिकारियों में शामिल हैं जिन्होंने पश्चिमी मोर्चे पर दो प्रमुख ऑपरेशनल कमानों का नेतृत्व किया है। इसके अलावा उन्होंने संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन (Angola) और सेना मुख्यालय में भी महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई हैं।
देश-विदेश में उच्च सैन्य शिक्षा
लेफ्टिनेंट जनरल सेठ ने खड़कवासला स्थित NDA और देहरादून स्थित IMA से सैन्य शिक्षा प्राप्त की है। इसके बाद उन्होंने डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज (वेलिंगटन), आर्मी वॉर कॉलेज (महू) और नेशनल डिफेंस कॉलेज (नई दिल्ली) से उच्च सैन्य प्रशिक्षण लिया। उन्होंने फ्रांस के कॉलेज इंटरआर्मे डी डिफेंस और अमेरिका के नेवल पोस्टग्रेजुएट स्कूल में भी विशेष प्रशिक्षण हासिल किया है। युवा अधिकारी रहते हुए उन्हें ‘सिल्वर सेंचुरियन’ सम्मान मिला था। साथ ही उन्होंने कई सैन्य कोर्स में टॉप रैंक हासिल की और 2006 में DSSC में बेस्ट ऑल राउंड स्टूडेंट ऑफिसर का मेडल भी प्राप्त किया।
The Government has appointed Lieutenant General Dhiraj Seth, PVSM, UYSM, AVSM, presently serving as the Vice Chief of the Army Staff, as the next Chief of the Army Staff in the substantive rank of General with effect from the afternoon of 30 June 2026.
An alumnus of the National… pic.twitter.com/RExcCKjWJh
— Ministry of Defence, Government of India (@SpokespersonMoD) June 13, 2026
सेना परिवार से संबंध
धीरज सेठ एक सैन्य परिवार से आते हैं। उनके पिता लेफ्टिनेंट जनरल कृष्ण मोहन सेठ भी भारतीय सेना में वरिष्ठ पदों पर रह चुके हैं और 1997 में एडजुटेंट जनरल के पद से रिटायर हुए थे। उन्होंने XXI स्ट्राइक कोर और III कोर जैसी महत्वपूर्ण कमांड्स का नेतृत्व किया था। लेफ्टिनेंट जनरल सेठ खेलों में रुचि रखते हैं, विशेष रूप से टेनिस और गोल्फ। उनकी पत्नी का नाम कोमल सेठ है। लंबे सैन्य अनुभव और रणनीतिक नेतृत्व क्षमता के चलते उनसे भारतीय सेना के भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की उम्मीद की जा रही है।
Read More : IND vs AFG 1st ODI Delay: धर्मशाला में बारिश से देरी, टॉस जीतकर भारत ने चुनी गेंदबाजी, मैच शाम 5:45 बजे शुरू





