IND vs AFG 1st ODI Delay : धर्मशाला में भारत और अफगानिस्तान के बीच खेले जा रहे पहले वनडे मुकाबले में बारिश ने शुरुआत से ही खेल बिगाड़ दिया। टॉस दोपहर 1 बजे होना तय था, लेकिन लगातार बारिश के कारण इसमें करीब 4 घंटे 15 मिनट की देरी हो गई। बाद में मौसम में सुधार होने पर टॉस कराया गया और भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। अब मैच शाम 5:45 बजे शुरू होगा।
भारतीय टीम में इस मैच के साथ दो नए खिलाड़ियों को वनडे डेब्यू का मौका मिला। हर्ष दुबे को उनकी पहली वनडे कैप केएल राहुल ने सौंपी, जबकि गुरनूर बरार को कप्तान शुभमन गिल ने डेब्यू कैप दी। टीम मैनेजमेंट ने युवा खिलाड़ियों पर भरोसा जताते हुए संयोजन में कुछ बदलाव किए हैं।
IND vs AFG 1st ODI Delay
इस सीरीज में विराट कोहली और हार्दिक पंड्या चोट के कारण टीम का हिस्सा नहीं हैं, जबकि जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज को आराम दिया गया है। ऐसे में भारतीय टीम की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में नई जिम्मेदारियां सामने आई हैं। चर्चा यह भी है कि प्रिंस यादव और गुरनूर बरार में से किसी एक को आगे मौका मिल सकता है। इस मुकाबले में रोहित शर्मा एक खास रिकॉर्ड के करीब हैं। वे 39 साल 44 दिन की उम्र में मैदान पर उतरकर वनडे क्रिकेट में भारत के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन जाएंगे। इस रिकॉर्ड के साथ वे मोहिंदर अमरनाथ का 37 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ देंगे, जिन्होंने 1989 में 39 साल 36 दिन की उम्र में अपना आखिरी वनडे खेला था।
भारत का रिकॉर्ड
दोनों टीमों के बीच अब तक 4 वनडे मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 3 मैच जीते हैं और एक मुकाबला टाई रहा है। अफगानिस्तान अभी तक भारत के खिलाफ वनडे में जीत दर्ज नहीं कर पाया है। पिछली भिड़ंत 2023 वनडे वर्ल्ड कप में दिल्ली में हुई थी, जहां भारत ने 8 विकेट से आसान जीत हासिल की थी। विराट कोहली की अनुपस्थिति में भारत की बल्लेबाजी का दारोमदार कप्तान शुभमन गिल, रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर और केएल राहुल पर रहेगा। पिछले एक साल में शुभमन गिल ने शानदार फॉर्म दिखाते हुए 625 रन बनाए हैं, जबकि रोहित शर्मा ने 17 मैचों में 711 रन बनाए हैं, जिनमें दो शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं।
🚨 Toss Update from Dharamshala 🚨#TeamIndia have won the toss and elected to bowl in the 1️⃣st ODI.
Updates ▶️ https://t.co/lCuohEZYAl #INDvAFG | @IDFCFIRSTBank pic.twitter.com/dFxWa3GRob
— BCCI (@BCCI) June 13, 2026
टीम मैनेजमेंट ने नंबर-3 को लेकर ईशान किशन, केएल राहुल और यशस्वी जायसवाल जैसे विकल्पों पर भी विचार किया है, जिससे बल्लेबाजी क्रम में लचीलापन देखने को मिल सकता है।
कुलदीप यादव पर जिम्मेदारी
गेंदबाजी विभाग में कुलदीप यादव भारतीय आक्रमण की अगुवाई कर रहे हैं। उन्होंने 2025 के बाद 22 विकेट झटके हैं। नई गेंद से प्रसिद्ध कृष्णा और अर्शदीप सिंह से शुरुआती सफलता की उम्मीद की जा रही है। अफगानिस्तान की टीम का दारोमदार इब्राहिम जादरान, रहमानुल्लाह गुरबाज, रहमत शाह और अजमतुल्लाह उमरजई पर रहेगा। जादरान हाल के समय में शानदार फॉर्म में हैं और 2025 के बाद 6 मैचों में 429 रन बना चुके हैं, उनका औसत 71.50 रहा है।
गेंदबाजी में टीम को सबसे बड़ी ताकत लेग स्पिनर राशिद खान से मिली है, जो भारत के खिलाफ पहले भी प्रभावी रहे हैं और हाल के IPL सीजन में भी बेहतरीन प्रदर्शन कर चुके हैं।
बारिश का असर जारी
शाम तक मैदान पर हल्की लेकिन लगातार बारिश जारी रही, जिससे मैच शुरू होने में और देरी हुई। इसके बावजूद स्टेडियम में मौजूद दर्शकों का उत्साह कम नहीं हुआ और डीजे की धुनों पर लोग स्टैंड्स में मनोरंजन करते नजर आए। भारतीय खिलाड़ी भी ड्रेसिंग रूम में हल्के मूड में दिखाई दिए।
Read More : Jorhat एयरबेस पर वायुसेना विमान क्रैश, 5 जवान शहीद; कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश





