Home » उत्तर प्रदेश » KGMU: निजी अस्पताल में ऑपरेशन कराने वाले रेजिडेंट डॉक्टर पर कार्रवाई की तैयारी, जांच पूरी

KGMU: निजी अस्पताल में ऑपरेशन कराने वाले रेजिडेंट डॉक्टर पर कार्रवाई की तैयारी, जांच पूरी

KGMU : किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) के एक पूर्व रेजिडेंट डॉक्टर द्वारा मरीज को निजी अस्पताल ले जाकर ऑपरेशन करने के मामले में संस्थान की आंतरिक जांच पूरी हो गई है। जांच के बाद अब संबंधित डॉक्टर के खिलाफ शासन स्तर पर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की जा रही है। वहीं, जिस निजी अस्पताल में मरीज का इलाज हुआ था, उसके खिलाफ भी स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू करने की बात कही है।

KGMU प्रशासन के अनुसार, आरोपी डॉक्टर अमित अपनी रेजिडेंसी पूरी करने के बाद अब संस्थान में कार्यरत नहीं हैं। पढ़ाई पूरी होने के बाद बॉन्ड सेवा के तहत उनकी तैनाती लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में की गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

KGMU

पूरा मामला अंबेडकरनगर निवासी विनय दुबे की शिकायत से जुड़ा है। उनका आरोप है कि 6 जून को पत्नी कमलेश देवी को इलाज के लिए KGMU में भर्ती कराया गया था। इसी दौरान डॉक्टर अमित ने बेहतर उपचार का भरोसा दिलाकर उन्हें कृष्णानगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया। शिकायत के मुताबिक, वहां ऑपरेशन और इलाज के नाम पर करीब 45 हजार रुपये लिए गए।

ब्लड ग्रुप बदलने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के दौरान मरीज का ब्लड ग्रुप बी पॉजिटिव होने के बावजूद गलत ब्लड चढ़ा दिया गया, जिससे उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। हालत गंभीर होने पर 16 जून को उन्हें दोबारा KGMU में भर्ती कराया गया, जहां चार दिन इलाज के बाद 20 जून की शाम उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने पूरे मामले की शिकायत प्रशासन से की थी।

जांच जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए नर्सिंग होम से जुड़े मामलों के नोडल अधिकारी डॉ. एपी सिंह की अध्यक्षता में जांच समिति गठित की गई। समिति ने संबंधित निजी अस्पताल से इलाज और ऑपरेशन से जुड़े सभी दस्तावेज तलब किए हैं। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि उपलब्ध रिकॉर्ड और जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। KGMU के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय की जांच पूरी हो चुकी है और रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। वहीं, सीएमओ कार्यालय का कहना है कि निजी अस्पताल की भूमिका की भी अलग से जांच की जा रही है। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन सामने आता है तो संबंधित पक्षों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Read More : Varanasi से SpiceJet की सभी नियमित उड़ानें बंद, यात्रियों के लिए सीमित हुए हवाई सफर के विकल्प

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?