Home » उत्तर प्रदेश » Gorakhpur News: सीएम योगी के सामने रवि किशन ने गाया भोजपुरी गीत, अस्पताल उद्घाटन समारोह में छाए मजेदार पल

Gorakhpur News: सीएम योगी के सामने रवि किशन ने गाया भोजपुरी गीत, अस्पताल उद्घाटन समारोह में छाए मजेदार पल

Gorakhpur News : गोरखपुर में शुक्रवार शाम आयोजित अस्पताल उद्घाटन समारोह में सांसद रवि किशन कुछ देर से मंच पर पहुंचे। इस पर मंच पर मौजूद नेताओं ने मजाकिया अंदाज में उनसे कहा कि देर से आने की पेनाल्टी के तौर पर उन्हें एक गीत सुनाना होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मुस्कुराते हुए बोले, “सुना दीजिए।” इसके बाद रवि किशन ने भोजपुरी का प्रसिद्ध गीत “हे गंगा मइया तोहें पियरी चढ़इबो…” गाया और बीच में गीत की पंक्तियों में “महाराजजी से करा द मिलनवा” जोड़ दिया। गीत खत्म होते ही पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा।

मुख्यमंत्री ने एमएलसी सीपी चंद की ओर से स्थापित एस्ट्रोमेडिक्स मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि यह अस्पताल स्वर्गीय मारकंडेय चंद की स्मृति में बनाया गया है और इससे पूर्वांचल के लोगों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।

Gorakhpur News

उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को गुणवत्तापूर्ण इलाज और मरीजों का विश्वास बनाए रखने की सलाह भी दी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रवि किशन का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने पूछा था कि क्या अस्पताल में मुफ्त इलाज होगा। इस पर उन्होंने मुस्कुराते हुए जवाब दिया कि जिस दिन रवि किशन अपनी फिल्में मुफ्त में दिखाना शुरू कर देंगे, उसी दिन यहां भी मुफ्त इलाज शुरू हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पहले से ही मुख्यमंत्री राहत कोष के माध्यम से हर वर्ष 1200 से 1400 करोड़ रुपये तक गंभीर मरीजों के इलाज पर खर्च कर रही है। उनका कहना था कि लोगों को केवल मुफ्त इलाज नहीं, बल्कि बेहतर और भरोसेमंद चिकित्सा सुविधाओं की जरूरत है।

बदलाव का जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले की सरकारों ने प्रदेश में स्वास्थ्य ढांचे पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया। उन्होंने बताया कि वर्तमान सरकार ने लगभग हर जिले में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने की दिशा में काम किया है। उन्होंने कहा कि एक समय गोरखपुर का बीआरडी मेडिकल कॉलेज खुद संसाधनों की कमी से जूझ रहा था, लेकिन अब वहां व्यापक सुधार किए जा चुके हैं। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि वर्षों पहले गोरखपुर में आईसीयू जैसी सुविधाएं बेहद सीमित थीं, जबकि आज शहर में दो दर्जन से अधिक अस्पताल आधुनिक आईसीयू सेवाएं दे रहे हैं।

निवेश और विकास पर बोले CM

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था और विकास के कारण अब निजी क्षेत्र स्वास्थ्य और अन्य क्षेत्रों में निवेश के लिए आगे आ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज, ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ जैसी योजनाएं शुरू कीं, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को मजबूती मिली है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र में सबसे महत्वपूर्ण चीज मरीज का विश्वास होता है और अस्पतालों की जिम्मेदारी है कि वे उस भरोसे पर खरे उतरें।

मुख्यमंत्री ने बताया कि एस्ट्रोमेडिक्स अस्पताल का संचालन गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल के सहयोग से किया जाएगा। उन्होंने स्वर्गीय मारकंडेय चंद को याद करते हुए कहा कि उन्होंने हमेशा अपने संबंधों और सामाजिक मूल्यों को महत्व दिया। उन्होंने गोरखपुर के विकास के लिए निरंतर काम किया और गोरक्षपीठ के प्रति उनकी आस्था हमेशा बनी रही।

सीपी चंद का सफर

सीपी चंद गोरखपुर-महराजगंज स्थानीय निकाय निर्वाचन क्षेत्र से लगातार दूसरी बार विधान परिषद सदस्य चुने गए हैं। पहली बार वह समाजवादी पार्टी के टिकट पर एमएलसी बने थे, जबकि दूसरी बार भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार के रूप में जीत दर्ज की। वह पूर्व मंत्री मारकंडेय चंद के पुत्र हैं और वर्तमान में अस्पताल की प्रबंध समिति के अध्यक्ष भी हैं। उनके छोटे भाई डॉ. अरुण चंद अस्पताल में एमडी हैं, जबकि डॉ. आरती चंद मेडिकल डायरेक्टर की जिम्मेदारी संभाल रही हैं।

मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

फिराक चौराहे से रुस्तमपुर रोड पर बने 150 बेड के एस्ट्रोमेडिक्स मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल में कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, पल्मोनरी मेडिसिन, पीडियाट्रिक्स, एनआईसीयू और एडवांस आईसीयू जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। अस्पताल में कैथ लैब, मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, 24 घंटे एंबुलेंस और फार्मेसी सेवा के साथ एडवांस किडनी ट्रीटमेंट की सुविधा भी मरीजों को मिलेगी।

Read more : LU और BBAU ने बढ़ाई आवेदन की अंतिम तारीख, अब 30 जून तक भर सकेंगे फॉर्म

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?