Gorakhpur News : गोरखपुर में रुस्तमपुर ढाला से आजाद चौक, बगहा बाबा मंदिर होते हुए मलौनी बांध तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य पहले से चल रहा है। इसी परियोजना के तहत अब जलकल विभाग ने पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पाइपलाइन शिफ्टिंग का काम भी शुरू करा दिया है। इसका उद्देश्य सड़क निर्माण के बाद बार-बार खुदाई की जरूरत खत्म करना और जलापूर्ति को निर्बाध बनाए रखना है।
बुधवार को 3.69 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना का विधिवत शुभारंभ किया गया। मलौनी बांध स्थित डोमवा ढाला के पास पूजा-अर्चना के बाद जेसीबी से कार्य की शुरुआत हुई। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ जलकल विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।
Gorakhpur News
रुस्तमपुर ढाला से डोमवा ढाला, मलौनी बांध तक करीब 2700 मीटर लंबे मार्ग के दोनों ओर कुल 5400 मीटर नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी। परियोजना के तहत अलग-अलग हिस्सों में 250 एमएम, 200 एमएम और 150 एमएम व्यास की डीआई पाइप लाइन डाली जाएगी, ताकि भविष्य की जरूरतों के अनुरूप जलापूर्ति व्यवस्था मजबूत की जा सके। जलकल महाप्रबंधक रघुवेंद्र कुमार ने बताया कि लोक निर्माण विभाग सड़क और नाला निर्माण का कार्य जिस गति से आगे बढ़ाएगा, उसी के समानांतर पाइपलाइन शिफ्टिंग का काम भी किया जाएगा। इससे निर्माण कार्य के दौरान पेयजल आपूर्ति प्रभावित नहीं होगी और लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
800 से अधिक घरों को मिलेगा लाभ
नई पाइपलाइन बिछने के बाद क्षेत्र के 800 से अधिक घरों को बेहतर जलापूर्ति कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा। सड़क चौड़ीकरण और आधुनिक जलापूर्ति नेटवर्क के एक साथ तैयार होने से स्थानीय लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिलेंगी और लंबे समय तक पेयजल व्यवस्था सुचारु बनी रहेगी।




