Ghazipur News : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को मुहम्मदाबाद में अफजाल-मुख्तार अंसारी के घर के फाटक से महज 300 मीटर की दूरी पर स्थित यूसुफपुर मंडी समिति के मैदान में जनसभा को संबोधित किया। इस सभा के जरिए उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की हुंकार भर दी है। भाजपा विधायक दिवंगत कृष्णा नंद राय सहित सात भाजपा कार्यकर्ताओं की हत्या के बाद से मुहम्मदाबाद विधानसभा हर चुनाव में भाजपा की प्रतिष्ठा से जुड़ जाता है।
यूसुफपुर मंडी समिति के मैदान में भाजपा की यह पहली जनसभा रही। मुख्यमंत्री ने अंसारी बंधुओं के इस गढ़ से चुनावी हुंकार भरकर साफ संदेश दे दिया कि 2022 के चुनाव में जनपद की सातों सीटें गंवाने के बाद अब भाजपा गाजीपुर की सभी सीटों पर जीत को लेकर पूरी तरह गंभीर है।
Ghazipur News
मुहम्मदाबाद विधानसभा सीट पर 1984 से अब तक अंसारी परिवार का खासा प्रभाव रहा है। इस सीट से पांच बार अफजाल अंसारी दो बार उनके बड़े भाई सिबगतुल्लाह अंसारी और 2022 में परिवार की नई पीढ़ी से सिबगतुल्लाह अंसारी के पुत्र सुहैब अंसारी विधायक चुने गए। वर्ष 2012 में कौमी एकता दल से मुख्तार अंसारी के बड़े भाई सिबगतुल्लाह अंसारी 66922 मत पाकर विजयी रहे थे जबकि सपा के राजेश राय को 59589 मत मिले थे। 2017 के चुनाव में दिवंगत कृष्णा नंद राय की पत्नी अलका राय 122156 मत पाकर विधायक बनीं जबकि बसपा प्रत्याशी सिबगतुल्लाह अंसारी को 89429 मत मिले।
भाजपा का बड़ा संदेश
2022 के चुनाव में एक बार फिर भाजपा प्रत्याशी अलका राय और सपा प्रत्याशी सुहैब अंसारी के बीच मुकाबला हुआ जिसमें सुहैब ने 111443 मत पाकर जीत हासिल की जबकि अलका राय को 92684 मत मिले और भाजपा को जनपद की सभी सात सीटों पर हार का सामना करना पड़ा। 2022 के चुनाव में सपा और सुभासपा ने मिलकर चुनाव लड़ा था लेकिन अब सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर एनडीए में शामिल होकर भाजपा के साथ खड़े हैं। इस नए समीकरण को देखते हुए भाजपा गाजीपुर की सभी सीटों पर जीत दर्ज करने के लिए नई रणनीति पर काम कर रही है।
Read More : Kanwar Yatra: दांतों से 10 क्विंटल कार खींचकर कांवड़ ला रहा युवक, लोग देखकर रह गए हैरान




