Sawan 2026 : सावन के दूसरे सोमवार को होने वाली 44 किलोमीटर लंबी शिव मंदिर परिक्रमा से पहले श्रद्धालुओं की चिंता बढ़ गई है। परिक्रमा मार्ग का करीब 12 किलोमीटर हिस्सा उखड़ी सड़कों, नुकीली गिट्टियों और निर्माण कार्य के कारण बेहद खराब स्थिति में है। ऐसे में लाखों शिवभक्तों को पैदल यात्रा के दौरान चोट, छाले और फिसलन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। सावन के दूसरे सोमवार पर बल्केश्वर महादेव मंदिर का पारंपरिक मेला लगता है। इसी अवसर पर श्रद्धालु शहर के प्रमुख शिवालयों की करीब 44 किलोमीटर लंबी परिक्रमा करते हैं।
रविवार शाम से शुरू होने वाली यह यात्रा सोमवार सुबह तक चलती है। परिक्रमा के दौरान श्रद्धालु बल्केश्वर महादेव, राजेश्वर महादेव, मनकामेश्वर, रावली महादेव, पृथ्वीनाथ महादेव और कैलाश महादेव मंदिर में दर्शन करते हैं।
Sawan में 44 किमी शिव मंदिर
परिक्रमा मार्ग के कई हिस्सों पर निर्माण कार्य जारी है। राजेश्वर मंदिर के पास बसई से इंद्रापुरम रोड और अमर होटल से राजपुर चुंगी तक सीएम ग्रिड परियोजना के चलते सड़कें खुदी हुई हैं। माल रोड पर मेट्रो निर्माण कार्य के कारण रास्ता क्षतिग्रस्त है। प्रतापपुरा चौराहे से रावली मंदिर जाने वाला मार्ग भी उखड़ा पड़ा है। वहीं सुभाष पार्क से कोठी मीना बाजार और मारुति एस्टेट तक सड़क पर गिट्टियां, कीचड़ और फिसलन श्रद्धालुओं के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों का कहना है कि परिक्रमा मार्ग की हालत को देखते हुए तत्काल मरम्मत कराई जानी चाहिए।
बल्केश्वर क्षेत्र के पार्षद मुरारी लाल गोयल ने कहा कि मेले से पहले सड़क के गड्ढे भरना जरूरी है, ताकि श्रद्धालुओं को कठिनाई न हो। वहीं आजमपाड़ा के पार्षद रवि दिवाकर ने निर्माण स्थलों पर बैरिकेडिंग, स्ट्रीट लाइट और जलभराव रोकने के लिए आवश्यक इंतजाम करने की मांग की है।
नगर निगम ने दिए सुधार
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि परिक्रमा से पहले सभी प्रमुख मार्गों को दुरुस्त करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं। उनका कहना है कि लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को देखते हुए सड़क सुधार, सफाई और अन्य व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएंगी।
नगर निगम ने वनखंडी महादेव मंदिर जाने वाले कई किलोमीटर लंबे कच्चे रास्ते को समतल कराने का काम शुरू कर दिया है। बुलडोजर की मदद से ऊबड़-खाबड़ मार्ग को समतल किया जा रहा है। अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया कि मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में सफाई अभियान, झाड़ियों की कटाई और मार्ग सुधार का कार्य तेजी से कराया जा रहा है, ताकि परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
Read More : Sawan: 24 घंटे में हरिद्वार से डाक कांवड़ लेकर गांव पहुंचे शिवभक्त, गूंजे ‘हर-हर महादेव’ के जयकारे




