Home » उत्तर प्रदेश » CM Yogi ने गोरखपुर के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर का किया लोकार्पण, 995 करोड़ की परियोजनाओं की दी सौगात

CM Yogi ने गोरखपुर के पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर का किया लोकार्पण, 995 करोड़ की परियोजनाओं की दी सौगात

CM Yogi : गोरखपुर की यातायात व्यवस्था को नई दिशा देने वाले पहले सिक्सलेन फ्लाईओवर का गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोकार्पण किया। सुबह करीब 11 बजे फीता काटकर उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री फ्लाईओवर पर कुछ दूरी तक पैदल भी चले और शिलापट्ट के पास खड़े होकर तस्वीरें खिंचवाईं। इसके साथ ही फ्लाईओवर पर वाहनों का संचालन भी शुरू हो गया। टीपीनगर से पैडलेगंज मार्ग पर बने 2.6 किलोमीटर लंबे इस फ्लाईओवर के दोनों हिस्सों के निर्माण पर 429.49 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। यह सिक्सलेन फ्लाईओवर गोरखपुर की अंतरजनपदीय कनेक्टिविटी के लिहाज से अहम परियोजना माना जा रहा है।

इसके शुरू होने से लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज, आजमगढ़, कुशीनगर, देवरिया, महराजगंज, बिहार और नेपाल की ओर आने-जाने वाले वाहनों को जाम से राहत मिलने के साथ आवागमन अधिक सुगम होगा। प्रशासन का मानना है कि इससे शहर के भीतर ट्रैफिक का दबाव भी काफी हद तक कम होगा।

CM Yogi

फ्लाईओवर के उद्घाटन के साथ मुख्यमंत्री ने कुल 995 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। इनमें श्रमजीवी महिला छात्रावास, नंदानगर पुलिस चौकी से शमशेर गेट तक अंडरपास और सर्विस रोड, विश्वविद्यालय चौक के पास साइंस म्यूजियम, राजकीय महिला पॉलिटेक्निक में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, राप्तीनगर डिपो की टायर शॉप का उच्चीकरण तथा शहर के विभिन्न वार्डों में सीसी रोड और नाली निर्माण जैसी योजनाएं शामिल हैं। सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं से आधारभूत ढांचे के साथ शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और शहरी सुविधाओं को भी मजबूती मिलेगी।

विकास को चुनाव से जोड़ा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले गोरखपुर जाम की समस्या से जूझता था, लेकिन अब शहर तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं होतीं, बल्कि निवेश, रोजगार और विकास भी लेकर आती हैं। उन्होंने लोगों से गोरखपुर में हुए विकास कार्यों को देखने और बताने की अपील की।

दिया राजनीतिक संदेश

अपने संबोधन में रवि किशन ने आगामी विधानसभा चुनाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि चुनाव नजदीक आने पर कई लोग अलग-अलग मुद्दों के साथ जनता के बीच आएंगे, लेकिन लोगों को विकास कार्यों को ध्यान में रखकर फैसला करना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग हर मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं, जबकि सरकार लगातार जनता के हित में काम कर रही है। मुख्यमंत्री के दौरे को गोरखपुर के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक ओर जहां सिक्सलेन फ्लाईओवर के संचालन से ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव आने की उम्मीद है, वहीं नई विकास परियोजनाओं के जरिए शहर में शिक्षा, बुनियादी ढांचे, महिला सशक्तिकरण और नागरिक सुविधाओं को भी नया विस्तार मिलेगा। सरकार का दावा है कि इन योजनाओं से गोरखपुर का समग्र विकास और तेज होगा।

Read More : UP में तीन दिन धीमा रहेगा मानसून, 26 जुलाई से फिर तेज होगी बारिश; उमस बढ़ने के आसार

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?