Akhilesh Yadav : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव रविवार को दो दिवसीय दौरे पर प्रयागराज पहुंचे। यहां प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने राम मंदिर दर्शन को लेकर बड़ा बयान दिया। अखिलेश ने कहा कि इटावा में केदारेश्वर मंदिर का निर्माण पूरा होते ही वह अयोध्या जाकर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के दर्शन करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर भाजपा और सरकार पर तीखा हमला बोला।
राम मंदिर जाने के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि इटावा में केदारेश्वर मंदिर का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद वह अयोध्या जाएंगे और भगवान श्रीराम के दर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था उनके लिए हमेशा महत्वपूर्ण रही है और उचित समय आने पर वह रामलला के दर्शन करने अवश्य जाएंगे।
Akhilesh Yadav
राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण का जिक्र करते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि यह केवल अयोध्या का नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश की जनता की भावनाओं से जुड़ा मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने इस पूरे प्रकरण को उजागर किया, जिसके बाद कई तथ्य सामने आए। उनका कहना था कि जो लोग पहले ‘नेशन फर्स्ट’ की बात करते थे, अब उनके लिए ‘डोनेशन फर्स्ट’ प्राथमिकता बन गया है।
‘आस्था से खिलवाड़ हुआ’
अखिलेश यादव ने कहा कि रामनगरी में जो घटनाएं सामने आई हैं, उन्होंने करोड़ों श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है। उनके मुताबिक, आस्था और श्रद्धा के साथ खिलवाड़ हुआ है। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी के शब्दकोष में अब न धर्म बचा है और न ही शर्म। प्रेस वार्ता में अखिलेश ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि पार्टी अब ‘4C’ के सिद्धांत पर काम कर रही है। उन्होंने इसका मतलब चंदा, चोरी, चतुराई और चालाकी बताया। उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के मंदिर को लेकर जिस तरह के सवाल उठ रहे हैं, ऐसी स्थिति की किसी ने कल्पना भी नहीं की थी।
आज प्रयागराज में ‘भाजपा सरकार में पेपर लीक’ विषय पर प्रेस वार्ता :
– जब तक भाजपाई करते रहेंगे सांसद-विधायक की ख़रीद, तब तक होता रहेगा पेपर लीक।
– भाजपा के शब्दकोश में न ‘धर्म’ है, न ‘शर्म’ है।
– सब पर चोरी का झूठा इल्ज़ाम लगानेवालों की ‘सच्ची चोरी’ भगवान ने खोल दी।
– भाजपा के… pic.twitter.com/TOOdoJlz84
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) June 28, 2026
कविता सुनाकर साधा निशाना
चढ़ावा चोरी मामले पर अपनी बात रखते हुए अखिलेश यादव ने कविता के अंदाज में भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा, “चोर-चोर मौसेरे भाई, जिन्होंने चुराई राम की पाई। देखो जा रहा वो भाजपाई, जिसने खाई राम की पाई।” उनके इस बयान के दौरान मौजूद कार्यकर्ताओं ने जोरदार समर्थन जताया। प्रयागराज पहुंचने पर शहर के कई इलाकों में सपा कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव का फूल बरसाकर स्वागत किया। वह सबसे पहले समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष इफ्तेखार हुसैन के आवास पहुंचे। इसके बाद उन्होंने वरिष्ठ समाजवादी नेता और पूर्व सांसद रेवती रमण सिंह से मुलाकात की।
इस दौरान कांग्रेस सांसद उज्ज्वल रमण सिंह भी मौजूद रहे। माना जा रहा है कि अखिलेश का यह दौरा 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन को मजबूत करने की रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
Read More : UP Home Guard Result: 41,424 पदों के लिए लिखित परीक्षा का रिजल्ट जारी, 1.07 लाख अभ्यर्थी अगले चरण के लिए सफल




