Home » राजनीति » BRICS के दूसरे दिन बढ़ेगी हलचल, PM मोदी की किन नेताओं से होगी मुलाकात; जानें पूरा कार्यक्रम

BRICS के दूसरे दिन बढ़ेगी हलचल, PM मोदी की किन नेताओं से होगी मुलाकात; जानें पूरा कार्यक्रम

BRICS

BRICS Summit 2026 : नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का आज दूसरा दिन है। भारत मंडपम एक बार फिर दुनिया के कई प्रमुख नेताओं की मौजूदगी का गवाह बना। ब्रिक्स के साझेदार और आउटरीच के लिए आमंत्रित देशों के नेता और मंत्री सम्मेलन में पहुंचे। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत विभिन्न देशों के राष्ट्राध्यक्षों और सरकारों के प्रमुखों ने सामूहिक तस्वीर में हिस्सा लिया। सम्मेलन के दूसरे दिन का सबसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम शिखर सम्मेलन का ओपन सेशन रहा।

BRICS

इसमें वैश्विक विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर नेताओं ने अपने विचार रखे। बैठक का मुख्य विषय लचीलापन, नवाचार, सहयोग और सतत विकास के माध्यम से समावेशी वैश्विक विकास को आगे बढ़ाना रहा।

BRICS Summit 2026

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के दौरान तय किए गए चार प्रमुख स्तंभों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भारत ने लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता को अपनी प्राथमिकताओं में रखा है। पीएम मोदी ने कहा कि सदस्य देशों के सहयोग से साझा सोच को ऐसे प्रयासों में बदलने की कोशिश की गई है, जिसका फायदा सभी को मिल सके। चर्चा में बदलती वैश्विक परिस्थितियों के बीच विकास की रफ्तार बनाए रखने और सभी देशों को साथ लेकर चलने पर जोर दिया गया।

ग्लोबल साउथ का जिक्र

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ब्रिक्स में ग्लोबल साउथ के देशों का भरोसा लगातार मजबूत हुआ है। उनके मुताबिक इन देशों की बात सुनी जाती है, उनके अनुभवों का सम्मान किया जाता है और समाधान उनके लिए ही नहीं, बल्कि उनके साथ मिलकर तैयार किए जाते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि ब्रिक्स की सबसे बड़ी ताकत उसकी विविधता और आपसी सहयोग में है। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि ब्रिक्स का दायरा केवल सरकारों और आधिकारिक तंत्र तक सीमित नहीं रहना चाहिए।

उन्होंने ग्लोबल साउथ की आवाज को मंच पर महत्व देने की जरूरत बताई। प्रधानमंत्री ने कहा कि अलग-अलग परिस्थितियों और पृष्ठभूमि से आने के बावजूद देश सहयोग के माध्यम से आगे बढ़ सकते हैं और इसका लाभ पूरी मानवता को मिलना चाहिए।

कई नेताओं से मुलाकात

शिखर सम्मेलन के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम द्विपक्षीय बैठकों से भी व्यस्त रहा। पीएम मोदी कजाकिस्तान, फिलीपींस, मिस्र, दक्षिण अफ्रीका, बुरुंडी, नाइजीरिया और युगांडा के शीर्ष नेताओं के साथ मुलाकात कर रहे हैं। इन बैठकों में आपसी संबंधों को मजबूत करने के साथ विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर बातचीत होने की उम्मीद है। ब्रिक्स सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद अली दिल्ली से रवाना हो गए। वहीं चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी दूसरे दिन के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद बीजिंग लौटने के लिए एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए। इससे पहले उन्होंने भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया और अन्य नेताओं के साथ सामूहिक तस्वीर में भी शामिल हुए।

देखें शेड्यूल

समय कार्यक्रम
9:55 AM पार्टनर और आमंत्रित देशों के नेताओं एवं मंत्रियों का आगमन
10:35 AM फैमिली फोटो
10:50 AM समावेशी वैश्विक विकास पर ओपन सेशन
2:30 PM कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव से मुलाकात
3:00 PM फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर से मुलाकात
3:30 PM मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी से मुलाकात
4:10 PM दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति मातामेला सिरिल रामाफोसा से मुलाकात
4:40 PM बुरुंडी के राष्ट्रपति एवरिस्ट नदायिशिमिये से मुलाकात
5:10 PM नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति सीनेटर काशिम शेट्टिमा से मुलाकात
5:40 PM युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो से मुलाकात

एक मंच पर दुनिया के बड़े नेता

ब्रिक्स सम्मेलन के दूसरे दिन भारत मंडपम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो समेत कई देशों के शीर्ष नेता एक साथ नजर आए। सम्मेलन के जरिए भारत वैश्विक सहयोग, समावेशी विकास और ग्लोबल साउथ की प्राथमिकताओं को अंतरराष्ट्रीय मंच पर मजबूती से रखने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

Read More : UP Politics में नया ट्विस्ट, आकाश आनंद को इस पार्टी से मिला साथ आने का ऑफर! गरमाई सियासत

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?