UP Politics : उत्तर प्रदेश की राजनीति में आकाश आनंद को लेकर एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। नगीना सांसद और आजाद समाज पार्टी के प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने बहुजन समाज पार्टी के नेता आकाश आनंद को अपनी पार्टी में शामिल होने का खुला प्रस्ताव दिया है। लखनऊ के इको गार्डन में पंचायत सहायकों के प्रदर्शन में पहुंचे चंद्रशेखर ने आकाश को अपना छोटा भाई बताते हुए साथ काम करने की इच्छा जताई। चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि राजनीतिक मुद्दों पर दोनों के बीच मतभेद रहे हैं और आकाश ने कई मौकों पर उनकी आलोचना भी की है।
उनके मन में आकाश के प्रति व्यक्तिगत स्नेह बना हुआ है। उन्होंने कहा कि अगर आकाश आजाद समाज पार्टी में आते हैं तो दोनों मिलकर बाबा साहब डॉ। भीमराव आंबेडकर और बहुजन महापुरुषों के विचारों को आगे बढ़ाने का काम कर सकते हैं।
UP Politics
चंद्रशेखर ने बीएसपी के साथ अपने संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि पार्टी में उनके लिए रास्ते बंद हैं, लेकिन आकाश आनंद के लिए उनकी पार्टी के दरवाजे खुले हैं। उन्होंने साफ किया कि बहुजन समाज के अधिकारों और सामाजिक न्याय की लड़ाई में जो लोग साथ आना चाहते हैं, उनके लिए आजाद समाज पार्टी में जगह है। चंद्रशेखर का यह बयान मायावती के उस हालिया बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने अपने भाई आनंद कुमार के परिवार की राजनीतिक भूमिका को लेकर अपना रुख स्पष्ट किया था।
मायावती ने कहा था कि उनके भाई के किसी भी बेटे को बीएसपी में किसी छोटे या बड़े पद पर रहकर सक्रिय राजनीति करने का अवसर नहीं दिया जाएगा। इसके बाद आकाश आनंद को लेकर राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
राजनीति पर मायावती ने कही ये बात
मायावती ने अपने बयान में कहा था कि अविवाहित होने के कारण लंबे समय तक उनके छोटे भाई आनंद कुमार ने उनकी देखभाल में भूमिका निभाई और पार्टी की जिम्मेदारियां भी संभालीं। हालांकि, उनका कहना था कि अब परिवार के सदस्यों को इसका राजनीतिक लाभ देना पार्टी और बहुजन आंदोलन के हित में उचित नहीं होगा। इसी क्रम में उन्होंने आनंद कुमार के बेटों को पार्टी में राजनीतिक पद नहीं देने की बात कही। चंद्रशेखर आजाद लखनऊ के इको गार्डन में चल रहे पंचायत सहायकों के प्रदर्शन में अपना समर्थन देने पहुंचे थे।
प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से आए पंचायत सहायक मानदेय बढ़ाने और सेवा से जुड़ी दूसरी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। चंद्रशेखर के पहुंचने पर प्रदर्शनकारियों में उत्साह नजर आया और उन्होंने आंदोलन को अपना समर्थन देने की बात कही।
मांगें पूरी होने तक संघर्ष का ऐलान
पंचायत सहायकों को संबोधित करते हुए चंद्रशेखर ने कहा कि उनकी मांगें पूरी होने तक संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने मानदेय बढ़ाने समेत कर्मचारियों की अन्य समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और चंद्रशेखर ने उनके आंदोलन में साथ खड़े रहने का भरोसा दिलाया। चंद्रशेखर आजाद के इस खुले न्योते ने आकाश आनंद को लेकर चल रही राजनीतिक चर्चाओं को नया मोड़ दे दिया है। बीएसपी में परिवार की राजनीतिक भूमिका को लेकर मायावती के बयान के बाद अब आजाद समाज पार्टी की ओर से सामने आए प्रस्ताव पर सबकी नजर है। हालांकि, आकाश आनंद की ओर से इस न्योते पर फिलहाल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। अब देखना होगा कि वह चंद्रशेखर के प्रस्ताव पर क्या रुख अपनाते हैं।
Read More : Saudi Arabia Crisis: हूती हमलों से बढ़ी सऊदी की मुश्किल, अमेरिका ने सैन्य कार्रवाई से किया किनारा




