India A vs Nepal : राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 में भारत A ने नेपाल के खिलाफ ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने मुकाबले को पूरी तरह एकतरफा बना दिया। पहले बल्लेबाजों ने रन बरसाए और फिर गेंदबाजों ने नेपाल की पूरी टीम को सस्ते में समेट दिया। दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में भारत A ने 306 रन से जीत हासिल की। रनों के अंतर से यह टीम की लिस्ट A क्रिकेट में अब तक की सबसे बड़ी जीत है।
बता दें कि 333 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए नेपाल की टीम महज 26 रन पर सिमट गई। पूरी पारी 11.3 ओवर में समाप्त हो गई। लिस्ट A क्रिकेट के इतिहास में यह किसी टीम का पांचवां सबसे कम स्कोर है।
India A vs Nepal
नेपाल की बल्लेबाजी भारतीय तेज गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाई। प्रिंस यादव ने केवल 5 ओवर में 6 रन खर्च करके 5 विकेट अपने नाम किए। वहीं हर्षित राणा ने 6 ओवर में 16 रन देकर 4 बल्लेबाजों को आउट किया। दोनों ने मिलकर नेपाल के 9 विकेट झटक लिए और विपक्षी टीम को संभलने का मौका नहीं दिया।
इससे पहले टॉस जीतकर नेपाल ने भारत A को बल्लेबाजी का न्योता दिया। अभिषेक शर्मा और वैभव सूर्यवंशी की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। अभिषेक छठे ओवर में आउट हुए, जबकि आयुष बडोनी सिर्फ 2 रन बना सके। वैभव ने 32 गेंदों में 26 रन जोड़े।
इसके बाद कप्तान तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र ने पारी को संभालते हुए चौथे विकेट के लिए 206 रन जोड़ दिए। कुशाग्र ने 102 गेंदों में 117 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और 5 छक्के शामिल थे। तिलक ने 113 गेंदों पर 107 रन की पारी खेली। उनके बल्ले से 6 चौके और 4 छक्के निकले।
सूर्यांश शेडगे ने भी दिखाया दम
पारी के अंतिम हिस्से में सूर्यांश शेडगे ने तेजी से रन बटोरे। उन्होंने सिर्फ 14 गेंदों में नाबाद 36 रन ठोककर भारत का स्कोर 9 विकेट पर 332 तक पहुंचा दिया। नेपाल की ओर से ललित राजवंशी और संदीप लामिछाने ने 3-3 विकेट लिए, जबकि नंदन यादव को 2 विकेट मिले।
नेपाल के खिलाफ बड़ी जीत के बाद अब भारत A के सामने अगली चुनौती पाकिस्तान की होगी। दोनों टीमों के बीच 22 नवंबर को मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच पर क्रिकेट प्रशंसकों की खास नजर रहेगी।




