Home » उत्तराखंड » Pushkar Singh Dhami ने पीएम मोदी से की मुलाकात, उत्तराखंड के लिए एक्सप्रेस-वे से लेकर रेल परियोजनाओं तक मांगा सहयोग

Pushkar Singh Dhami ने पीएम मोदी से की मुलाकात, उत्तराखंड के लिए एक्सप्रेस-वे से लेकर रेल परियोजनाओं तक मांगा सहयोग

Pushkar Singh Dhami

Pushkar Singh Dhami : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर राज्य की विकास संबंधी प्राथमिकताओं पर चर्चा की। उन्होंने सड़क, रेल, हवाई संपर्क, स्वास्थ्य, शिक्षा, ऊर्जा और पर्यटन से जुड़ी योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए केंद्र से मदद मांगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहाड़ी भौगोलिक परिस्थितियों और सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण प्रदेश के विकास में केंद्र का सहयोग महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Pushkar Singh Dhami

बता दें कि इस मुलाकात में धामी ने कई नई परियोजनाओं के लिए मंजूरी और वित्तीय सहायता का आग्रह किया। इनमें चिन्यालीसौड़ हवाई पट्टी का विस्तार, दिल्ली से हल्द्वानी तक एक्सप्रेस-वे और टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन से जुड़े प्रस्ताव शामिल हैं।

Pushkar Singh Dhami

उन्होंने बागेश्वर-कर्णप्रयाग रेल मार्ग के सर्वे, हरिद्वार-देहरादून रेल लाइन के दोहरीकरण और ऋषिकेश-उत्तरकाशी रेल परियोजना पर भी विचार करने का अनुरोध किया। किच्छा में अखिल भारतीय आयुर्वेदिक संस्थान स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा गया।

मुख्यमंत्री अपने साथ प्रदेश की स्थानीय विरासत और उत्पादों से जुड़े उपहार लेकर पहुंचे। उन्होंने प्रधानमंत्री को मलारी की हस्तनिर्मित कोट की पट्टी, पारंपरिक दोरखा, शुद्ध शहद, बद्री घी, हर्षिल का राजमा और लाल चावल भेंट किए। इसके अलावा हरिद्वार कुंभ-2027 की आध्यात्मिक पहचान को दर्शाने वाली मां गंगा की प्रतिकृति भी दी।

जताया आभार

धामी ने कुंभ-2027 के आयोजन के लिए 500 करोड़ रुपये और SASCI के तहत करीब 9,500 करोड़ रुपये की सहायता देने पर प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया। उन्होंने बिजली व्यवस्था मजबूत करने के लिए RDSS के अंतर्गत 3,436.08 करोड़ रुपये की मंजूरी और चंपावत बाईपास के लिए 199 करोड़ रुपये स्वीकृत करने पर भी आभार जताया।

मुख्यमंत्री ने देहरादून रिंग रोड, मसूरी रोपवे, चारधाम मार्गों पर ATC टावर, स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा से जुड़ी योजनाओं तथा आपदा के बाद पुनर्निर्माण कार्यों में केंद्र के सहयोग का भी उल्लेख किया। देहरादून-हरिद्वार के बीच RRTS विस्तार और ऋषिकेश में यातायात दबाव कम करने के लिए संभावित जलमार्ग की व्यवहार्यता जांच कराने में मदद मांगी।

टूरिज्म पर जोर

प्रधानमंत्री को राज्य में पर्यटन के लिए चल रही पहलों की जानकारी देते हुए धामी ने बताया कि रामनगर, देहरादून, ऋषिकेश और त्रियुगीनारायण को वेडिंग डेस्टिनेशन के तौर पर विकसित किया जा रहा है। चौपता-दुगलबिट्टा, पटवाडांगर और शारदा कॉरिडोर में भी ऐसी संभावनाओं पर काम हो रहा है।

इसके साथ ही बेलकेदार, अंजनिसैंण, टिहरी, लोहाघाट और श्यामलाताल को आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की योजना है। शीतकालीन चारधाम यात्रा, आदि कैलाश दर्शन और साहसिक पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। सरकार के अनुसार, 19 अप्रैल 2026 तक शीतकालीन यात्रा में 73 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे थे। आदि कैलाश में भी 73,041 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

बाजार से जोड़ने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ ब्रांड के जरिए उत्तराखंड के उत्पादों को देश और विदेश के बाजारों तक पहुंचाने की जानकारी दी। उनके मुताबिक, ब्रांड का कारोबार 6.9 करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है और इसके 22 ट्रेडमार्क पंजीकृत हैं। अमेजन, ONDC, जियोमार्ट, बिग बास्केट और ब्लिंकिट जैसे प्लेटफॉर्म पर भी स्थानीय सामान उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि ITBP के साथ समझौते के तहत 7,255 बकरियों से 2.18 लाख किलोग्राम मांस और 30 टन मछली की आपूर्ति की गई है। इसके अलावा पर्वतीय क्षेत्रों में 559 क्लस्टर स्कूल चिह्नित किए गए हैं। भारत दर्शन कार्यक्रम के तहत 379 मेधावी विद्यार्थियों को देश के प्रमुख शैक्षणिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक संस्थानों का भ्रमण भी कराया गया है।

Read More : Rajasthan में पंचायत चुनाव के नतीजों से बदला समीकरण, कांग्रेस को बढ़त; BJP को झटका

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Will the middle class get relief from the first general budget of Modi 3.0?