China News : यूक्रेन युद्ध को लेकर अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में हलचल तेज हो गई है। चीन में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ बातचीत पूरी करने के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूरोपीय नेताओं से फोन पर चर्चा की। यह बातचीत ऐसे समय हुई, जब यूरोपीय प्रतिनिधि बर्लिन में ‘Coalition of the Willing’ की बैठक कर रहे थे।
बता दें कि अमेरिकी दूत जेरेड कुशनर ने इस बातचीत की जानकारी दी है। उनके मुताबिक, पुतिन और जिनपिंग के साथ मुलाकात के बाद ट्रंप ने यूक्रेन के हालात पर अपने यूरोपीय सहयोगियों से चर्चा की। हालांकि, कुशनर ने बातचीत का एजेंडा या उसमें शामिल किसी प्रस्ताव का खुलासा नहीं किया है।
China में पुतिन-जिनपिंग से मुलाकात
शेनझेन में हुई बैठक के बाद अमेरिका, चीन और रूस ने परमाणु हथियारों से जुड़े खतरों को कम करने के लिए आपसी बातचीत जारी रखने की बात कही। तीनों देशों ने परमाणु हथियारों के प्रसार को रोकने, संयुक्त राष्ट्र में बदलावों का समर्थन करने और रिफाइंड पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति बढ़ाने जैसे मुद्दों को अपनी साझा घोषणा में शामिल किया।
इस घोषणा में सहयोग के कई क्षेत्रों का जिक्र जरूर है, लेकिन परमाणु हथियारों की संख्या घटाने के लिए कोई लक्ष्य निर्धारित नहीं किया गया। पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति कब और कितनी बढ़ाई जाएगी, इस पर भी स्पष्ट समय-सीमा नहीं दी गई। संयुक्त राष्ट्र में सुधार को लेकर भी कोई ठोस प्रस्ताव सामने नहीं आया।
तीनों नेताओं का साझा संदेश
बैठक में पुतिन, जिनपिंग और ट्रंप ने परमाणु युद्ध के विनाशकारी परिणामों पर सहमति जताई। उनका कहना था कि ऐसे युद्ध में जीत संभव नहीं है और इसे होने से हर हाल में रोकना चाहिए। संयुक्त बयान में तीनों देशों ने रणनीतिक स्थिरता और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा बनाए रखने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।
अब इस बैठक के बाद ट्रंप की यूरोपीय नेताओं से हुई बातचीत पर नजर है। खासकर यूक्रेन युद्ध को लेकर अमेरिका और उसके सहयोगी देश किस दिशा में आगे बढ़ते हैं, यह आने वाले दिनों में अहम रहेगा।




