Chris Gayle : क्रिकेट में जब भी लंबे छक्कों और विस्फोटक बल्लेबाजी की चर्चा होती है, तो क्रिस गेल का नाम जरूर लिया जाता है। इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने के करीब पांच साल बाद भी यूनिवर्स बॉस का जलवा अलग-अलग T20 लीग में देखने को मिलता रहा है। अब वह इटली में अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाने के लिए तैयार हैं। बता दें कि वेनिस लाइववायर्स ने आगामी इटालिया T10 लीग के लिए क्रिस गेल को अपनी टीम में शामिल करने का ऐलान किया है।
फ्रेंचाइजी को उम्मीद है कि गेल का अनुभव और आक्रामक बल्लेबाजी टीम को प्रतियोगिता में मजबूती देगी। वहीं, गेल ने भी इस नई चुनौती को लेकर खुशी जाहिर की है। वह इटली के प्रशंसकों का मनोरंजन करने और इस नए सफर का आनंद लेने के लिए उत्सुक हैं।
Chris Gayle
क्रिस गेल ने कहा कि वह इटालिया T10 लीग में वेनिस लाइववायर्स का हिस्सा बनने को लेकर काफी उत्साहित हैं। उनके मुताबिक, T10 क्रिकेट तेज रफ्तार और रोमांच से भरपूर प्रारूप है। वहीं, वेनिस लाइववायर्स के टीम डायरेक्टर और पूर्व भारतीय क्रिकेटर एमएसके प्रसाद ने गेल के जुड़ने को फ्रेंचाइजी के लिए बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल क्रिकेट और दुनिया की प्रमुख फ्रेंचाइजी लीग में खेलने का गेल का अनुभव टीम के लिए काफी उपयोगी होगा। दबाव में बेहतर प्रदर्शन करने और दूसरे खिलाड़ियों को प्रेरित करने की उनकी क्षमता भी टीम के काम आएगी।
इंटरनेशनल क्रिकेट से ले चुके हैं संन्यास
क्रिस गेल ने साल 2021 में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। हालांकि, इसके बाद भी वह दुनिया की अलग-अलग T20 लीग और प्रदर्शनी मुकाबलों में खेलते रहे हैं। हाल ही में उन्होंने वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स 2026 में हिस्सा लिया था। इस टूर्नामेंट के फाइनल में उनकी टीम ने इंग्लैंड को हराकर खिताब अपने नाम किया।
वेस्टइंडीज के लिए गेल ने 103 टेस्ट, 301 वनडे और 79 T20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। IPL में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा है। उन्होंने इस लीग में 142 मैच खेले और 175 रन की नाबाद पारी के साथ एक पारी में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। अब इटालिया T10 लीग में उनके प्रदर्शन पर क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें रहेंगी।
Read More : World War II: 80 साल बाद घर लौटेंगे अमेरिकी एयरमैन, चीन ने हिमालय में मिले सैनिकों के अवशेष सौंपे




